सरगुजा में 15 दिनों तक दूरस्थ गांवों में चलेगा जागरूकता अभियान
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,26 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सरगुजा की ओर से वरिष्ठ नागरिकों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने की पहल की जा रही है। इसी कड़ी में राघवपुरी वृद्धाश्रम में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित कर बुजुर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं, अब मोबाइल ई-सेवा वैन के माध्यम से जिले के दूरस्थ गांवों तक विधिक सेवाएं पहुंचाई जाएंगी। 25 नवंबर को आयोजित शिविर में न्यायाधीश कृष्णपाल सिंह भदौरिया और स्मिता रतनावत ने वृद्धजनों को उनके विधिक अधिकारों,निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा नालसा की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बुजुर्गों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी कानूनी समस्या पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर में पैरालीगल वॉलेंटियर विकास सिंह भी उपस्थित रहे। इसमें 13 पुरुष और 5 महिलाओं सहित कुल 18 लोग शामिल हुए।
15 दिनों तक गांवों में चलेगा मोबाइल ई-सेवा वैन का अभियान : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), सुप्रीम कोर्ट की ई-कमेटी और केंद्रीय न्याय विभाग की संयुक्त पहल के तहत मोबाइल ई-सेवा वैन 26 नवंबर को सरगुजा पहुंची। इस वैन के माध्यम से जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में अगले 15 दिनों तक विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत पहले दिन ग्राम सलवा से की गई। मोबाइल ई-सेवा वैन आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से लैस है। इसके माध्यम से नागरिक अपने न्यायालयीन प्रकरणों की स्थिति और अगली पेशी की तारीख की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही ई-कोर्ट सेवाओं के उपयोग में भी सहायता मिलेगी।
महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को मिलेगी कानूनी जानकारी : अभियान के दौरान ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता और आपसी सहमति से विवादों के समाधान की जानकारी दी जाएगी। महिलाओं,बच्चों,वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध कानूनी संरक्षण एवं सरकारी योजनाओं के बारे में भी बताया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य उन ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक कानूनी सहायता पहुंचाना है, जहां के लोगों के लिए न्यायालयीन सेवाओं तक पहुंचना कठिन होता है। मोबाइल वैन के जरिए लोगों को उनके गांव में ही कानूनी जानकारी और सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur