नई दिल्ली,16 अक्टूबर 2026। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर परिसीमन के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक बुलाने की फिर से मांग की है। उन्होंने कहा कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद 64 दिन बीत चुके हैं, लेकिन लोकसभा और राज्यसभा की बैठक नहीं हुई है। उन्होंने इसे अभूतपूर्व स्थिति बताया और कहा कि परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों पर संसद में विचार करने से पहले सभी दलों के साथ विस्तृत चर्चा होनी चाहिए। खरगे ने शुक्रवार को लिखे पत्र में कहा कि उन्होंने इस विषय पर पहली बार 11 अप्रैल को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सर्वदलीय बैठक बुलाने का अनुरोध किया था। परिसीमन पर चर्चा के लिए बैठक बुलाने की मांग के बावजूद अब तक इस दिशा में पहल नहीं हुई है। उन्होंने पत्र में कहा कि 14 अप्रैल को परिसीमन पर संविधान संशोधन विधेयक लाने के बाद उसी दिन विशेष सत्र बुलाया गया था। उस समय सरकार के पास संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं था। खरगे ने कहा कि उन्होंने 16 जुलाई और 27 अगस्त को भी प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सर्वदलीय बैठक बुलाने का अनुरोध किया था। अब उन्होंने चौथी बार यह मांग दोहराई है। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि नए प्रस्तावों को अंतिम रूप देने से पहले सभी राजनीतिक दलों के साथ विस्तार से चर्चा की जाए। खरगे ने कहा कि सभी दलों को संसद में अपने विचार रखने और प्रस्तावों पर विचार करने के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि परिसीमन के मुद्दे पर व्यापक सहमति बनाने की प्रक्रिया को दरकिनार नहीं किया जाए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur