Breaking News

अम्बिकापुर@भीतर की शक्तियों को जागृत कर बेहतर जीवन जीने का करें प्रयास : टीएस सिंहदेव

Share

ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र में चैतन्य देवियों की झांकी के पांचवें दिन उमड़े श्रद्धालु

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के चोपड़ापारा स्थित सेवा केंद्र में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर आयोजित चैतन्य देवियों की भव्य झांकी के पांचवें दिन दीप प्रज्वलन और आरती के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सिंहदेव ने कहा कि बेहतर जीवन जीने के लिए हमें अपने भीतर की शक्तियों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। सेवा केंद्र में आकर शांति और सुकून का अनुभव होता है। उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था की ओर से वैश्विक स्तर पर वैचारिक शुद्धि के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और सभी से इस संकल्प में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने श्रद्धालुओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।
ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी विद्या दीदी ने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमें अपनी आंतरिक शक्तियों को जागृत करने की प्रेरणा देता है। काम, क्रोध, लोभ, मोह और अहंकार जैसे पांच विकारों पर विजय प्राप्त कर जीवन को श्रेष्ठ बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष फुलेश्वरी सिंह,विक्टोरिया पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर कौशल शर्मा, प्राचार्या तुलसी सिंह और पेंशनर समाज के अध्यक्ष हरिशंकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने श्रद्धालुओं को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर रेखा बहन और उनके समूह ने सुंदर गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति दी। चैतन्य देवियों की झांकी के दर्शन के लिए शहरवासियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु सेवा केंद्र पहुंच रहे हैं।


Share

Check Also

सूरजपुर@सुव्यवस्थित और गरिमामय होगा सूरजपुर का दशहरा उत्सव,तैयारियों को लेकर सेवा समिति की बैठक

Share कलेक्टर रेना जमील की उपस्थिति में रूट निर्धारण,यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन …

Leave a Reply