-संवाददाता-
लखनपुर,16 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आ रहे हैं कि अब नेशनल हाईवे-130 पर खड़े भारी वाहनों को भी निशाना बनाया जा रहा है। लखनपुर चौपाटी के पास खड़े एक 16 चक्का ट्रक से करीब 300 लीटर डीजल चोरी किए जाने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि वारदात सुबह करीब 4 बजे की है, जिसमें कार सवार अज्ञात लोगों पर डीजल चोरी करने का आरोप है। नेशनल हाईवे जैसे व्यस्त मार्ग पर खड़े ट्रक से इतनी बड़ी मात्रा में डीजल चोरी होने की घटना ने वाहन चालकों की चिंता बढ़ा दी है। यदि हाईवे किनारे खड़े भारी वाहन ही सुरक्षित नहीं हैं, तो रात के समय वाहन चालकों और परिवहन कारोबारियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर किसकी है? स्थानीय स्तर पर लगातार ट्रकों से डीजल चोरी होने की शिकायतों के बीच पुलिस की रात्रि गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। आखिर चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम कैसे दे रहे हैं? क्या हाईवे और चौपाटी के आसपास नियमित गश्त हो रही है, या चोर पुलिस की निगरानी से बचकर आसानी से निकल जा रहे हैं? फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur