Breaking News

विश्रामपुर@पैरेंट्स मीटिंग से लौट रही छात्रा की ट्रैक्टर के पहिए के नीचे दबकर मौत

Share


पिता के साथ बाइक से जा रही थी 13 वर्षीय रिद्धिमा,हादसे के बाद मकान में जा घुसा ट्रैक्टर

-संवाददाता-
विश्रामपुर,16 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर ग्राम पंचायत केशवनगर के बडकापारा में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक सडक हादसे में 13 वर्षीय छात्रा रिद्धिमा जैन की मौके पर ही मौत हो गई। वह अपने पिता के साथ विश्रामपुर के कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में आयोजित पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होकर बाइक से घर लौट रही थी। इसी दौरान गिट्टी लोड ट्रैक्टर की टक्कर से पिता-पुत्री सडक पर गिर गए। रिद्धिमा का सिर ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया। हादसे में पिता को भी हल्की चोटें आई हैं। घटना से परिवार और स्कूल में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, सूरजपुर नवापारा निवासी एलआईसी एजेंट पंकज कुमार जैन की पुत्री रिद्धिमा शुक्रवार सुबह उनके साथ बाइक क्रमांक सीजी 15 सीसी 0655 से कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल पहुंची थी। दोपहर करीब 12 बजे पैरेंट्स मीटिंग समाप्त होने के बाद दोनों बाइक से सूरजपुर लौट रहे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर केशवनगर के बडकापारा के पास गिट्टी लोड ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 15 सीक्यू 5992 को क्रॉस करते समय चालक ने अचानक वाहन मोड़ दिया। इससे बाइक ट्रैक्टर से टकरा गई और पिता-पुत्री सडक पर गिर पड़े। इसी दौरान रिद्धिमा का सिर ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर सडक किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा।
क्रेन से निकाला गया ट्रैक्टर : हादसे की सूचना मिलते ही विश्रामपुर थाना प्रभारी निरीक्षक विकास देशमुख पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को बाहर निकलवाकर जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बेटी की मौत से परिवार में मातम : रिद्धिमा की मौत की खबर सूरजपुर स्थित उसके घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्कूल में भी घटना के बाद शोक का माहौल है। पैरेंट्स मीटिंग में शामिल होकर पिता के साथ घर लौट रही छात्रा की दर्दनाक मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया।


Share

Check Also

सूरजपुर@सुव्यवस्थित और गरिमामय होगा सूरजपुर का दशहरा उत्सव,तैयारियों को लेकर सेवा समिति की बैठक

Share कलेक्टर रेना जमील की उपस्थिति में रूट निर्धारण,यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन …

Leave a Reply