एक्सयूवी-700 के दरवाजे और सनरूफ खोलकर एनएच-343 पर कर रहा था खतरनाक ड्राइविंग,वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई
-संवाददाता-
बलरामपुर-रामानुजगंज,24 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। सोशल मीडिया पर रील्स बनाकर वाहवाही लूटने के चक्कर में सड़क पर खतरनाक स्टंट करना एक युवक को भारी पड़ गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर महिंद्रा एक्सयूवी-700 के चारों दरवाजे और सनरूफ खोलकर खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के मामले में बलरामपुर पुलिस ने चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और समाचार पत्रों में मामला सामने आने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार 19 सितंबर को नगर सेना तिराहा सेमली के पास एनएच-343 पर महिंद्रा एक्सयूवी-700 क्रमांक ष्टत्र 30 स्न 7388 का चालक सुनील गुप्ता, निवासी ग्राम अधौरा, थाना बलरामपुर, अपने चार अन्य साथियों के साथ वाहन चला रहा था। इस दौरान वाहन के चारों दरवाजे और सनरूफ खुले हुए थे तथा चालक द्वारा सड़क पर खतरनाक तरीके से ड्राइविंग की जा रही थी। इस तरह वाहन चलाने से कार में सवार लोगों के साथ सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई थी। घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के साथ समाचार पत्रों में भी प्रकाशित हुईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 23 सितंबर को वाहन चालक के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली बलरामपुर में अपराध क्रमांक 166/2026 दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 281 बीएनएस तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 एवं 194(बी)(1) के तहत कार्रवाई शुरू की है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर रील बनाने या मनोरंजन के लिए सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी तरह का खतरनाक स्टंट न करें। ऐसी लापरवाही स्वयं वाहन चालक और उसमें सवार लोगों के साथ अन्य राहगीरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur