9 से 17 अगस्त तक चलेगा राष्ट्रव्यापी आयोजन
नई दिल्ली,07 अगस्त 2026। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने नई दिल्ली में राष्ट्रव्यापी ‘हर घर तिरंगा 2026’ अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान 9 से 17 अगस्त 2026 तक पूरे देश में आयोजित किया जाएगा। इसके तहत नागरिकों से अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने का आह्वान किया गया है। प्रेस वार्ता में शेखावत ने कहा कि वर्ष 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत शुरू किया गया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अब एक वार्षिक राष्ट्रीय परंपरा बन चुका है। उन्होंने बताया कि हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर करोड़ों नागरिक स्वेच्छा से अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव का प्रदर्शन करते हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह अभियान अब केवल ध्वजारोहण तक सीमित नहीं है, बल्कि सामुदायिक भागीदारी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विरासत संरक्षण संबंधी गतिविधियों और डिजिटल सहभागिता के माध्यम से एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि देशभर में इसे उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया जा रहा है। शेखावत ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, गौरव और सामूहिक राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है।
यह उन वीर पुरुषों और महिलाओं के साहस, त्याग और बलिदान का भी प्रतीक है, जिन्होंने देश की रक्षा और सेवा में अपना सर्वोच्च योगदान दिया। उन्होंने कहा कि तिरंगा समाज के हर वर्ग और प्रत्येक भारतीय को प्रेरित करता है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान नागरिकों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करने का अवसर प्रदान करता है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस वर्ष का अभियान विशेष महत्व रखता है, क्योंकि इसका आयोजन भारत के राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित होगी और राष्ट्रीय उत्सव का स्वरूप और अधिक व्यापक बनेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur