Breaking News

पटना@पटना में युवक की मौत के बाद बवाल

Share


आगजनी से 10 किलोमीटर लंबा जाम लगा

पटना,07 अगस्त 2026। बिहार की राजधानी पटना में एक दर्दनाक सड़क हादसे के बाद हालात अचानक हिंसक हो गए। अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी इलाके में तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि विरोध प्रदर्शन हिंसक रूप ले बैठा।
गुस्साई भीड़ ने बस और
पुलिस चौकी में लगाई आग

युवक की मौत से नाराज लोगों ने सबसे पहले दुर्घटना में शामिल बस को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद भीड़ ने पास स्थित पुलिस चेक पोस्ट में भी आगजनी की। प्रदर्शनकारियों का गुस्सा यहीं नहीं थमा,बल्कि उन्होंने आसपास खड़ी कुछ अन्य बसों के शीशे तोड़ दिए और कई दोपहिया वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। इलाके में आगजनी और तोड़फोड़ के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और पत्रकार भी बने निशाना : स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जब विभिन्न थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो प्रदर्शनकारियों ने उन पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों को जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा। वहीं,घटनास्थल की कवरेज कर रहे पत्रकार भी भीड़ के निशाने पर आ गए। प्रदर्शनकारियों ने वीडियो बना रहे मीडिया कर्मियों पर भी पत्थर फेंके, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस की तीन गाडि़यों को किया आग के हवाले : पुलिस के अनुसार, ज़ीरो माइल इलाके के पास हुए इस सड़क हादसे के बाद भड़की हिंसा में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की तीन जीपों में आग लगा दी। पुलिस वाहनों के जलने से मौके पर हालात और तनावपूर्ण हो गए। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं,लेकिन इलाके में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
दमकल की टीम को भी हुई परेशानी
आगजनी की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची,लेकिन सड़क जाम और उग्र प्रदर्शन के कारण उन्हें घटनास्थल तक पहुंचने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। तनावपूर्ण माहौल के बीच दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बल की मदद से राहत कार्य जारी रखा। हिंसक प्रदर्शन और सड़क जाम के कारण पूरे इलाके में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। जानकारी के अनुसार, सड़क पर लगभग 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्कूल बसें भी जाम में फंस गईं, जिससे बच्चों और अभिभावकों को काफी दिक्कत हुई।


Share

Check Also

नई दिल्ली@हर घर तिरंगा 2026 अभियान का शुभारंभ

Share 9 से 17 अगस्त तक चलेगा राष्ट्रव्यापी आयोजननई दिल्ली,07 अगस्त 2026। केंद्रीय संस्कृति एवं …

Leave a Reply