सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश : डॉ. प्रशांत सिंह
-संवाददाता-
सूरजपुर,22 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार जिले के नवपदस्थ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने जिले के सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों,खंड कार्यक्रम प्रबंधकों एवं ब्लॉक डेटा मैनेजर की बैठक लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा की,उन्होंने सभी कार्यक्रमों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारु संचालन करने के सख्त निर्देश दिए।
बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। डॉ. प्रशांत सिंह ने सभी विकासखंडों में विशेष मेगा हेल्थ कैंप आयोजित कर‘स्वस्थ नारी,सशक्त परिवार’ अभियान के अंतर्गत महिलाओं,बच्चों एवं बुजुर्गों का स्वास्थ्य परीक्षण,आवश्यक जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने को कहा, उन्होंने पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड एवं वयो वंदना कार्ड बनाने तथा आयुष्मान कार्ड को आधार से लिंक करने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को दवाइयों की उपलब्धता एवं वितरण सुनिश्चित करने को कहा।
टीबी मुक्त भारत अभियान पर विशेष जोर-
डॉ. प्रशांत सिंह ने टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों के लाभार्थियों तथा क्षेत्र के पात्र व्यक्तियों की पंजीयन एवं स्क्रीनिंग कराने के निर्देश दिए, उन्होंने उपलब्ध हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से मौके पर ही एक्स-रे जांच की सुविधा उपलब्ध कराने और संभावित टीबी मरीजों की पहचान कर समय पर उपचार शुरू कराने पर विशेष जोर दिया, उन्होंने निर्देशित किया कि 2 अक्टूबर को जिले में टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों तथा टीबी उन्मूलन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, मितानिनों एवं जनप्रतिनिधियों का सम्मान किया जाए।
आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित
होंगी विशेष गतिविधियां
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ गतिविधियों के अंतर्गत ग्रामीणों को आंगनबाड़ी केंद्रों तक लाकर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी सेवाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए, इस दौरान महिलाओं, बच्चों एवं गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच,आवश्यक परामर्श एवं उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया,साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मितानिनों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के निर्देश दिए गए,सेवा संकल्प अभियान के तहत सभी विकासखंडों में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लाभों के बारे में जागरूक करने तथा शिविरों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोगों को अंगदान के लिए प्रेरित करने और देहदान कराने हेतु आवश्यक पहल करने को कहा गया,डॉ. प्रशांत सिंह ने सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों,खंड कार्यक्रम प्रबंधकों एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में संचालित सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का नियमित एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक पात्र हितग्राही तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं एवं अभियानों का जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन ही इन अभियानों की वास्तविक सफलता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur