मध्यप्रदेश,28 जुलाई 2026। मध्यप्रदेश में मूंग की पूरी उपज न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदने और अन्य 8 सूत्रीय मांगों को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा का आंदोलन मंगलवार को और उग्र हो गया है।
नर्मदापुरम से भोपाल के लिए निकले सैकड़ों किसानों का पैदल काफिला पुलिस की सख्त घेराबंदी और बैरिकेडिंग को दरकिनार करते हुए राजधानी की ओर बढ़ रहा है। इस प्रदर्शन के चलते ओबैदुल्लागंज-भोपाल मार्ग और जबलपुर-सुल्तानपुर मार्ग पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सोमवार सुबह 9 बजे नर्मदापुरम से शुरू हुई इस पदयात्रा को रोकने के लिए प्रशासन ने व्यापक पुख्ता इंतजाम किए थे। नर्मदा पुल, इंदिरा चौक और डोंगरवाड़ा समेत पांच प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेड्स लगाए गए थे। हालांकि, आक्रोशित किसानों ने प्रशासनिक दांव-पेचों को मात देकर सभी रुकावटें हटा दीं। दिनभर चली तीखी बहस और धक्का-मुक्की के बाद किसानों का दल रात को बरखेड़ा पहुँचा और मंगलवार सुबह पुनः मुख्यमंत्री निवास घेराव के उद्देश्य से भोपाल की तरफ रवाना हो गया।आंदोलनकारी किसान नेताओं ने आरोप लगाया है कि औबेदुल्लागंज स्थित गुरुद्वारे में उनके रुकने की पूर्व व्यवस्था थी, जिसे स्थानीय प्रशासन ने जबरन बंद करवा दिया।
इसके चलते कई बुजुर्ग और युवा किसानों को खुले आसमान के नीचे रात बितानी पड़ी। दूसरी ओर, संभागीय और पुलिस प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और राजमार्गों पर भारी जाम की स्थिति को टालने के लिए यह प्रशासनिक कदम उठाए जा रहे हैं।
किसानों की 8 प्रमुख मांगें
यह पूरा विवाद ग्रीष्मकालीन मूंग फसल की शत-प्रतिशत सरकारी खरीदी से शुरू हुआ है। किसानों का कहना है कि वर्तमान में लागू ई-टोकन व्यवस्था के कारण फसल की पूरी बिक्री संभव नहीं हो पा रही है। इसके अलावा, आंदोलनकारी किसान एमएसपी की कानूनी गारंटी, फसल बीमा नीति में व्यापक सुधार, अघोषित बिजली कटौती पर तुरंत रोक, कृषि अनुदान पर नए ट्रांसफार्मर की उपलब्धता, ग्रामीण सड़कों का निर्माण और भारत-अमेरिका ट्रेड डील को रद्द करने की मांग पर अडिग हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur