पटना,14 जून 2026। बिहार की राजधानी पटना के चर्चित कोचिंग संस्थान विवाद से जुड़ा एक बेहद सनसनीखेज और बड़ा मामला सामने आया है। मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज पर हुए हिंसक बवाल मामले में फरार चल रहे आरोपी और ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद के सगे भाई प्रिंस यादव की नेपाल में गोली मारकर हत्या कर दी गई है। इस बड़ी वारदात के बाद पटना में दोबारा तनाव और बवाल होने की आशंका को देखते हुए पीरबहोर और कदमकुआं जैसे संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, खान सर की कोचिंग पर पिछले दिनों हुए पथराव और हंगामे के बाद से ही पुलिस लगातार उपद्रवियों और साजिशकर्ताओं की तलाश में छापेमारी कर रही थी। कानूनी कार्रवाई और पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए मूल रूप से बिहार के सुपौल जिले का रहने वाला प्रिंस यादव चुपके से सीमा पार कर नेपाल भाग गया था। वह नेपाल के एक स्थानीय गेस्ट हाउस में कमरा लेकर अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने उसी गेस्ट हाउस के कमरे के अंदर घुसकर प्रिंस को बेहद करीब से गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पटना के दो बड़े कोचिंग सेंटर्स के बीच का यह आपसी विवाद अब एक खूनी खेल में बदल चुका है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur