Breaking News

बिलासपुर@गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय समर्थ पोर्टल विवाद…

Share


32 विभागों के पेपर लीक मामले की जांच पूरी रिपोर्ट प्रशासन को सौंपी,पुलिस जांच की सिफारिश

बिलासपुर,09 जून 2026। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में समर्थ पोर्टल से जुड़े कथित हैकिंग और प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच पूरी हो गई है। फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर सीलबंद लिफाफे में विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंप दी है। अब पूरे मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर सभी की निगाहें विश्वविद्यालय प्रबंधन के फैसले पर टिकी हुई हैं। जानकारी के अनुसार,यह मामला विश्वविद्यालय के समर्थ पोर्टल से 32 विभागों के प्रश्नपत्र लीक होने और संवेदनशील डेटा के कथित रूप से बाहर आने से जुड़ा हुआ है। मामले के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच के लिए फैक्ट फाइंडिंग कमेटी का गठन किया था।
जांच में हैकिंग के नहीं मिले सबूत : सूत्रों के मुताबिक जांच समिति को पोर्टल हैकिंग के प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं मिले हैं। प्रारंभिक निष्कर्षों में यह संकेत मिले हैं कि किसी व्यक्ति द्वारा लॉग-इन डिटेल्स साझा किए जाने के कारण गोपनीय जानकारी तक पहुंच संभव हुई। जांच में यह भी सामने आया है कि पोर्टल का कॉन्फिडेंशियल डेटा किसी व्यक्ति द्वारा साझा किया गया,जिससे प्रश्नपत्र और अन्य संवेदनशील सूचनाएं बाहर पहुंचीं।
लाखों छात्रों का डेटा भी हो सकता है प्रभावित : मामले की गंभीरता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि समर्थ पोर्टल में विश्वविद्यालय से जुड़े बड़ी संख्या में छात्रों का व्यक्तिगत डेटा सुरक्षित रहता है। आशंका जताई जा रही है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हुआ तो छात्रों की निजी जानकारी भी प्रभावित हो सकती है। हालांकि इस संबंध में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस जांच की अनुशंसा : सूत्रों के अनुसार फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने मामले की विस्तृत जांच पुलिस या साइबर विशेषज्ञ एजेंसी से कराने की अनुशंसा की है। रिपोर्ट में तकनीकी और प्रशासनिक दोनों पहलुओं की जांच की आवश्यकता बताई गई है।
प्रशासन के फैसले पर टिकी निगाहें : रिपोर्ट प्रशासन को सौंपे जाने के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि विश्वविद्यालय प्रबंधन मामले में क्या कदम उठाता है। यदि रिपोर्ट में किसी व्यक्ति या अधिकारी की भूमिका सामने आती है तो विभागीय और कानूनी कार्रवाई भी संभव है। गौरतलब है कि प्रश्नपत्र लीक और डेटा सुरक्षा से जुड़ा यह मामला सामने आने के बाद छात्रों और अभिभावकों में भी चिंता का माहौल है। अब विश्वविद्यालय प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ सर्प दंश से महिला की मौत

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,09 जून 2026 (घटती-घटना)। सर्पदंश से पीडि़त महिला की अंबिकापुर लाते तक मौत हो …

Leave a Reply