Breaking News

जयपुर@राजस्थान में जयपुर की पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग,7 की मौत…

Share

जयपुर,09 जून 2026। जयपुर के खो नागोरियान क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक घर में संचालित पटाखा फैक्टरी में भीषण आग लगने और विस्फोट होने से मौके पर ही सात लोगों की मौत हो गई है। वहीं, कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में मृतकों की पहचान अब्दुल वाहिद (50), राबिल, बिलाल खान (30), समीर (20) और आजीम खान उर्फ आविद के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य मृतकों की शिनाख्त अभी नहीं हो सकी है। वहीं गंभीर रूप से घायल नासिर का एसएमएस अस्पताल के बर्न वार्ड में उपचार जारी है। एसएमएस अस्पताल के प्लास्टिक सर्जन डॉ. आर.के. जैन के अनुसार नासिर करीब 95 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस मकान में हादसा हुआ, वहां घर के भीतर ही पटाखा निर्माण का काम चल रहा था। अचानक आग लगने के बाद तेज धमाके हुए, जिससे आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, सिविल डिफेंस, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने मौके पर कई लोगों की जलने से मौत की पुष्टि की है, जबकि अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई। इस संबंध में एसएमएस अस्पताल के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी ने घायलों की स्थिति पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। डॉ. माहेश्वरी के अनुसार, इन सभी घायलों की स्थिति बेहद गंभीर है क्योंकि ये सभी 50 प्रतिशत से अधिक झुलस चुके हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में पूरी मुस्तैदी से जुटी है और उन्हें बचाने के लिए हरसंभव चिकित्सा प्रयास किए जा रहे हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने अस्पताल से मिली शुरुआती जानकारियों को साझा करते हुए बताया कि हादसे में झुलसे तीन मरीजों को इस वक्त बर्न वार्ड के आईसीयू में शिफ्ट किया गया है। ये तीनों ही मरीज करीब 50 फीसदी तक झुलस चुके हैं, जिसे चिकित्सा विज्ञान में काफी हाई रेट माना जाता है, इसलिए इनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इसके साथ ही स्वास्थ्य मंत्री ने आशंका जताते हुए कहा कि अस्पताल प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक इस हादसे में करीब 10 और लोगों के झुलसने का अनुमान है।


Share

Check Also

नई दिल्ली@सरकार ने कोयला एक्सचेंज स्थापित करने के लिए जारी किए नियम

Share नई दिल्ली,09 जून 2026। सरकार ने देश में कोयला कारोबार व्यवस्था को ज्यादा पारदर्शी, …

Leave a Reply