हाजीपुर 09 जून 2026। बिहार के वैशाली जिले में 4 दिन से लापता एक महिला का अधजला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. जंदाहा थाना क्षेत्र के महिसौर गांव में 37 वर्षीय रीता देवी का शव मिलने के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को ठिकाने लगाने का आरोप लगाया है. वहीं घटनास्थल पर पहुंचीं थाना अध्यक्ष की एक टिप्पणी को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया.
जानकारी के अनुसार रीता देवी 5 जून की रात से लापता थीं. कई दिनों तक उनका कोई सुराग नहीं मिलने के बाद परिजन उनकी तलाश में जुटे हुए थे. इसी बीच गांव के समीप एक स्थान से उनका अधजला शव बरामद हुआ. शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर पहुंचीं जंदाहा थाना अध्यक्ष चांदनी सवारियां ने तेज धूप का हवाला देते हुए मृतका के मायके वालों से जल्दबाजी करने को कहा. उनकी कथित टिप्पणी, “मुझे तेज धूप लग रही है, जल्दी करो” से ग्रामीण नाराज हो गए. इसके बाद लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की.
मृतका की भाभी रेखा देवी ने बताया कि रीता देवी की शादी वर्ष 2007 में पप्पू राय उर्फ नंद किशोर राय से हुई थी. उनका आरोप है कि पारिवारिक विवाद के चलते पति ने दूसरी शादी कर ली थी और रीता को अपने साथ नहीं रखना चाहता था. परिजनों का दावा है कि इसी विवाद के कारण 5 जून की रात रीता की हत्या कर दी गई. मायके पक्ष का कहना है कि जब वे 6 जून को महिसौर गांव पहुंचे तो घर पर कोई नहीं मिला और ससुराल पक्ष के लोग फरार थे. आरोप है कि ससुराल वालों ने पहले उन्हें बताया था कि रीता ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली और उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया. हालांकि बाद में अधजला शव मिलने से यह दावा संदेह के घेरे में आ गया है.
परिजनों के अनुसार हत्या के बाद शव को घर से करीब 500 मीटर दूर जलाया गया और अवशेषों को बोरे में बांधकर एक गड्ढे में फेंक दिया गया था. फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. महुआ एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur