सूरत,07 जून 2026। गुजरात के सूरत शहर के खांड बाजार क्षेत्र में रविवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां की चौर्यासी डेयरी के पास स्थित रतिह ज्वेलर्स में अंडरग्राउंड ईटीपी(इफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट) की टंकी की सफाई करने उतरे चार श्रमिकों की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर चारों श्रमिकों को बाहर निकाला। उन्हें तत्काल उपचार के लिए स्मीमेर अस्पताल पहुंचाया गया,जहां डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान निमेष विठ्ठलभाई सावलिया (26 वर्ष) सुपरवाइजर,विकास कुमार संतोषभाई सोनावणे (24 वर्ष),विजय भीखाभाई आहिरे (24 वर्ष),योगेश नानाभाई जादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सबसे पहले योगेश टैंक की सफाई के लिए अंदर उतरा था। उसके फंसने पर उसे बचाने के लिए विकास और विजय नीचे गया, लेकिन वे भी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। इसके बाद सुपरवाइजर निमेष सावलिया ने फायर विभाग को सूचना दी और खुद भी बचाव के लिए टंकी में उतरे, जहां वे भी बेहोश हो गए। इस तरह चारों की मौत हो गई।
सुरक्षा उपकरण नहीं
मिले : फायर अधिकारी
वराछा जोन-ए के डिविजनल फायर ऑफिसर रणजीतसिंह खडि़या ने बताया कि सुबह 10ः22 बजे कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पानी के गड्ढे में गिर गया है। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि रतिह ज्वेलर्स के श्वभ्क्क प्लांट में चार लोग फंसे हुए हैं। उन्होंने बताया कि किसी भी श्रमिक ने पीपीई किट या अन्य सुरक्षा उपकरण नहीं पहने थे। आसपास भी सुरक्षा उपकरण नहीं मिले। प्रथम दृष्टया यह गंभीर लापरवाही का मामला प्रतीत होता है, हालांकि वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
गैस से दम घुटने की आशंका…
सूरत डीसीपी आलोक कुमार ने बताया कि ज्वेलरी प्रोसेसिंग के दौरान निकलने वाले अपशिष्ट को एकत्र करने के लिए यह टंकी बनाई गई थी, जिसकी नियमित सफाई हर दो महीने में की जाती है। सुबह सफाई के दौरान टंकी में मौजूद जहरीली गैस या ऑक्सीजन की कमी के कारण चारों श्रमिक बेहोश हो गए। प्राथमिक तौर पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के अभाव की चर्चा है। पुलिस तथा संबंधित विभागों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारों की पुष्टि हो सकेगी। डिप्टी फायर ऑफिसर प्रकाश इडावे ने बताया कि सूचना मिलने के बाद फायर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों को बाहर निकाला और 108 एम्बुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur