Breaking News

नई दिल्ली@राज्यसभा चुनाव…भाजपा ने 11 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी

Share


एमपी से तरुण चुग,राजस्थान से सतीश पूनिया प्रत्याशी,27 सीटों पर 18 जून को चुनाव

नई दिल्ली,04 जून 2026। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति ने पांच राज्यों में होने वाले राज्यसभा द्विवार्षिक चुनाव-2026 तथा ओडिशा में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने मध्य प्रदेश की दो सीटों से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ संगठनात्मक नेता रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा बीजद छोड़ हाल ही में भाजपा में शामिल हुए देवाशीष सामंतराय को ओडिशा उपचुनाव में पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा महासचिव अरुण सिंह की ओर से गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश, मणिपुर, राजस्थान की 10 सीटों के लिए होने वाले राज्यसभा चुनाव और ओडिशा की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों की सूची जारी की गई। इसमें अरुणाचल प्रदेश से ताई तागाक,गुजरात से राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा,मानसिंह परमार और जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया, मध्य प्रदेश से तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल,मणिपुर से ए शारदा देवी तथा राजस्थान से डॉ. अलका गुर्जर और डॉ. सतीश पूनिया को राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किया गया है। वहीं,ओडिशा में होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए देवाशीष सामंतराय को प्रत्याशी बनाया गया है। मध्य प्रदेश से उम्मीदवार बनाए गए तरुण चुग भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं और संगठन के प्रमुख रणनीतिकारों में गिने जाते हैं। पंजाब के अमृतसर से आने वाले चुग जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और तेलंगाना सहित कई राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। पार्टी के चुनावी प्रबंधन और संगठन विस्तार में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। हाल ही में उन्हें मणिपुर में विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक भी नियुक्त किया गया था। दूसरे उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल लंबे समय से मध्य प्रदेश भाजपा संगठन से जुड़े हुए हैं। वे वर्तमान में प्रदेश सचिव के रूप में कार्यरत हैं और संगठनात्मक कार्यों,बूथ प्रबंधन तथा चुनावी रणनीति के क्षेत्र में उनकी विशेष पहचान है। पार्टी कार्यकर्ता नेटवर्क को मजबूत करने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना जाता है। गुजरात से भाजपा ने चार उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। इनमें राजूभाई शुक्ला, मुकेशभाई राठवा,मानसिंह परमार और जितेंद्र मेघजीभाई कंजारिया शामिल हैं। राजस्थान से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अलका गुर्जर को उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश से ताई तागाक और मणिपुर से ए शारदा देवी को उम्मीदवार बनाया गया है। ओडिशा राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने देवाशीष सामंतराय पर भरोसा जताया है। सामंतराय हाल ही में बीजू जनता दल (बीजद) छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उन्होंने 25 मई को राज्यसभा सदस्यता और बीजद की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था तथा अगले ही दिन भाजपा का दामन थाम लिया था। उल्लेखनीय है कि 12 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन मतगणना और परिणाम घोषित किए जाएंगे।


Share

Check Also

कोलकाता@पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Share कोलकाता,04 जून 2026। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी …

Leave a Reply