Breaking News

नई दिल्ली@दिल्ली में 6 मंजिला होटल में लगी आग 21 की मौत

Share

  • मरने वालों में ज्यादातर विदेशी,40 को बचाया
  • जान बचाने के लिए बिल्डिंग से कूदे लोग


नई दिल्ली,03 जून 2026। दिल्ली के मालवीय नगर में बुधवार सुबह फ्लरिश स्टे नाम के होटल में आग लगने से 21 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में ज्यादातर विदेशी नागरिक हैं। जो सेंट्रल एशिया और अफ्रीकी देशों से हैं। कितने विदेशी नागरिक मारे गए हैं,फिलहाल इसकी सटीक जानकारी सामने नहीं आई है। दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीयों लोगों के मुताबिक,मालवीय नगर में मौजूद इस होटल के रेस्टोरेंट में सुबह 8.50 बजे आग लगी। आग ऊपरी मंजिलों पर बने होटल के कमरों और बेसमेंट तक पहुंच गई। घटना के वीडियो में कुछ लोग जान बचाने के लिए जलती हुई इमारत की तीसरी-चौथी मंजिल से कूदते नजर आ रहे हैं। इन्हें बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने जमीन पर गद्दे भी बिछाए थे। कुल 40 लोगों का रेस्क्यू किया गया। कई लोगों की हालत गंभीर है। वहीं, बेसमेंट से भी 6 से ज्यादा लोगों को निकाला गया। दिल्ली के इस होटल में आग लगने की वजह का अब तक पता नहीं चल पाया है। पिछले 6 महीनों में दिल्ली में आग की अलग-अलग घटनाओं में 66 लोगों की मौत हो चुकी है।
सीएम रेखा गुप्ता ने जताया दुख
बोलीं-सरकार प्रभावित परिवारों के साथ

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘मालवीय नगर में भीषण आग की घटना में हुई जान-माल की भारी क्षति से मैं अत्यंत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की और इस हृदयविदारक त्रासदी से प्रभावित सभी लोगों को शक्ति व साहस मिलने की प्रार्थना करती हूं। ‘उन्होंने आगे लिखा, ‘घटना की सूचना मिलते ही, दिल्ली अग्निशमन सेवा,दिल्ली पुलिस,डीडीएमए,सीएटीएस एम्बुलेंस सेवा और अन्य आपातकालीन प्रतिक्रिया एजेंसियों की टीमों को तुरंत सक्रिय किया गया और बचाव व राहत कार्य शुरू किए गए। उनकी त्वरित कार्रवाई की मदद से प्रभावित परिसर से कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। दिल्ली सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रखे हुए है। प्रभावित परिवारों को सभी आवश्यक चिकित्सा सहायता और सहयोग प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दुख की इस घड़ी में, दिल्ली सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा,‘हम इस त्रासदी से प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ‘
राष्ट्रपति,उपराष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने मालवीय नगर अग्निकांड पर दुःख जताया
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु,उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने दिल्ली के मालवीय नगर के एक रेस्टोरेंट में आग लगने से 21 लोगों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर पोस्ट कर मालवीय नगर अग्निकांड पर दुख जताते हुए कहा कि इस घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत पीड़ादायक है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की साथ ही घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आग में लोगों की मृत्यु पर दुःखद जताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की कि दुख की इस घड़ी में उन्हें शक्ति और साहस मिले। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि मालवीय नगर में आग लगने की घटना से मन अत्यंत व्यथित है। स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा हुआ है। घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कृषि मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि कई अनमोल जिंदगियों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल ने मालवीय नगर अग्निकांड को हृदयविदारक बताते हुए इस कठिन समय में शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
दिल्ली पुलिस ने बताया होटल मालिक का नाम लोकेश बजाज
दिल्ली पुलिस के अनुसार होटल का मालिक लोकेश बजाज है। होटल का संचालन तीन पार्टनर मिलकर करते हैं। इन लोगों के दिल्ली में कई अन्य होटल और गेस्ट हाउस भी हैं। पुलिस अब होटल के मालिकाना हक, संचालन और फायर सेफ्टी इंतजामों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं हुई।
रेस्क्यू के दौरान 10
पुलिसकर्मी भी घायल

दिल्ली पुलिस के अनुसार,मालवीय नगर अग्निकांड में बचाव अभियान के दौरान 10 पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें 5 हेड कांस्टेबल और 5 कांस्टेबल शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक,ये सभी सबसे पहले इमारत के भीतर प्रवेश कर राहत और बचाव कार्य में जुटे थे।


Share

Check Also

कोलकाता@ममता की टीएमसी टूटी…58 विधायकों ने अलग गुट बनाया

Share ऋतब्रत बनर्जी को विधायक दल का नेता चुनाकोलकाता,03 जून 2026। पश्चिम बंगाल में ममता …

Leave a Reply