10 से ज्यादा घायल,डिवाइडर क्रॉस कर एक बस से दूसरी टकराई
सूरत,02 जून 2026। गुजरात के सूरत जिले के बारडोली के निकट उवा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार शाम एक महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम (एसटी) की दो बसों के बीच हुई भीषण टक्कर के बाद एक बस में आग लग गई, जिससे सात यात्रियों की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हो गए। अभी मृतकों और घायलों की शिनाख्त नही हो सकी है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। बताया जा रहा है कि इस हादसे का कारण हाइवे पर एक टैंकर का पलटना बना। इस टैंकर को बचाने के प्रयास में पीछे से आ रही महाराष्ट्र परिवहन निगम की एक बस के चालक ने अपने वाहन से नियंत्रण खो दिया। उसकी अनियंत्रित बस डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा की लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही दूसरी एसटी बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बस पलट गई। दुर्घटनाग्रस्त बसों में से एक सीएनजी संचालित थी, जिसके कारण टक्कर के कुछ ही क्षण बाद उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कई यात्री बस में फंस गए, जबकि अन्य यात्रियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू करने के साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इस बाबत सूरत के कलेक्टर तेजस पटेल ने सात लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है ताकि मृतकों की संख्या न बढ़े।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur