Breaking News

नई दिल्ली,@मोदी को आतंकी कहने पर खड़गे को चुनाव आयोग का नोटिस

Share


नई दिल्ली, 22 अप्रैल 2026 ।
देश के चुनावी माहौल में कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आतंकवादी वाली टिप्पणी ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। चुनाव आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए खरगे के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। भारतीय चुनाव आयोग ने बुधवार को मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को आतंकवादी कहे जाने पर गहरा संज्ञान लिया और मामले में नोटिस जारी किया। आयोग के अधिकारियों के अनुसार,इस बयान को आदर्श आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन माना गया है। नोटिस में खरगे से अगले 24 घंटों के भीतर अपना पक्ष रखने और स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। यह नोटिस तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में होने वाले मतदान से ठीक एक दिन पहले आया है।
विवाद बढ़ने पर कांग्रेस अध्यक्ष ने क्या सफाई दी थी?
जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों ने इस आतंकवादी शब्द के इस्तेमाल पर स्पष्टीकरण मांगा, तो खरगे ने अपने बयान का संदर्भ बदलने की कोशिश की। उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि उनके कहने का मतलब यह था कि प्रधानमंत्री देश के लोकतांत्रिक ढांचे को आतंकित कर रहे हैं। खरगे ने स्पष्ट किया कि पीएम मोदी लोगों और राजनीतिक दलों को डरा रहे हैं। मैंने कभी नहीं कहा कि वह आतंकवादी हैं। मेरा मतलब यह है कि वह अपनी शक्ति और सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रहे हैं और विपक्षी दलों को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्ष की आवाज दबाने के लिए किया जा रहा है।
खरगे ने प्रधानमंत्री के खिलाफ आखिर क्या टिप्पणी की थी?
विवाद की शुरुआत मंगलवार को चेन्नई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुई। खरगे वहां अन्नाद्रमुक और भाजपा के गठबंधन की आलोचना कर रहे थे। उन्होंने पेरियार और सी.एन. अन्नादुराई की द्रविड़ विचारधारा का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि अन्नाद्रमुक के लोग मोदी के साथ कैसे जा सकते हैं। इसी दौरान उन्होंने कहा था कि ये अन्नाद्रमुक के लोग… वे मोदी के साथ कैसे जुड़ सकते हैं? वह एक आतंकवादी हैं… वह समानता में विश्वास नहीं करते। उनकी पार्टी समानता और न्याय में विश्वास नहीं करती। इस बयान के बाद भाजपा ने पलटवार करते हुए इसे कांग्रेस की ओछी राजनीति करार दिया।
मोदी को ‘आतंकवादी’ कहा था,रिजिजू बोले…मोदी के नेतृत्व में ही सारे आतंकियों को खत्म करेंगे
भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मोदी को आतंकी कहने के मामले में चुनाव आयोग से शिकायत की है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि चुनाव आयोग ने उनकी बात सुनी है और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। रिजिजू ने कहा कि मोदी को आतंकी कहा लेकिन हम प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ही सारे आतंकियों को खत्म करेंगे। कांग्रेस को देश की जनता सबक सिखाएगी। वहीं, पश्चिम बंगाल से टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने भाजपा पर वोटर्स को लाने-ले जाने के लिए सूरत से स्पेशल ट्रेनें अरेंज करने का आरोप लगाया है। उन्होंने राज्य के चीफ इलेक्शन ऑफिसर को लेटर लिखकर कहा कि यह चुनाव कानूनों का उल्लंघन है। उन्होंने दावा किया कि यह रिश्वतखोरी और गलत असर डालने जैसा है और इसमें नोटिस, केस रजिस्टर करने और चुनाव अकाउंट में संबंधित खर्चों को शामिल करने सहित कार्रवाई की मांग की गई है।
बीजेपी ने जताई नाराजगी : इस मुद्दे को गंभीर मानते हुए केंद्रीय मंत्री किरन रिजिजू खुद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनाव आयोग के दफ्तर पहुंचे। उनके साथ वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल समेत कई बड़े नेता शामिल थे। रिजिजू ने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना सिर्फ राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन है। उन्होंने इसे ‘अत्यंत आपत्तिजनक’ बताया और कहा कि ऐसी भाषा देश की राजनीतिक संस्कृति को नुकसान पहुंचाती है। बीजेपी का कहना है कि किसी भी दल ने पहले कभी प्रधानमंत्री के लिए ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं किया। रिजिजू ने चुनाव आयोग से मांग की कि इस मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और कांग्रेस को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह सिर्फ एक पार्टी का मुद्दा नहीं है, बल्कि पूरे लोकतंत्र की गरिमा से जुड़ा सवाल है। बीजेपी प्रतिनिधिमंडल की शिकायत सुनने के बाद चुनाव आयोग ने कहा कि वह मामले की जांच करेगा और उचित कदम उठाएगा। फिलहाल आयोग की ओर से कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है।
लेकिन इस पर राजनीतिक नजरें टिकी हुई हैं।


Share

Check Also

नई दिल्ली@ हर-हर महादेव के जयकारों के साथ खुले केदारनाथ धाम के कपाट

Share नई दिल्ली 22 अप्रैल 2026 । विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम के कपाट आज …

Leave a Reply