Breaking News

उधमपुर@ जम्मू के उधमपुर में सड़क हादसा, 21 की मौत

Share


यात्री बोले-तेज रफ्तार बस का टायर फटा,ड्राइवर कंट्रोल नहीं कर सका,100 मीटर नीचे गिरी
उधमपुर,21 अप्रैल 2026।
जम्मू के उधमपुर में सोमवार सुबह एक बस हादसे का शिकार हो गई। रामनगर से आ रही बस कगोत के पास सड़क से करीब 100 मीटर नीचे गिरकर पलट गई। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 29 से ज्यादा यात्री घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। बस में 50 यात्री सवार थे,जिनमें से ज्यादातर लोग रामनगर से उधमपुर में अपने रोजाना के काम पर जा रहे थे। 15 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बाकी 6 लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों के मुताबिक बस ओवरलोड थी,रफ्तार भी तेज थी। कगोत नाले के पास अचानक बस का टायर फट गया। इससे ड्राइवर उसे कंट्रोल नहीं कर सका। और बस सड़क से नीचे गिर गई। हादसे में बस का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह नष्ट हो गया है। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट पर बताया कि हादसे का शिकार हुई बस पब्लिक ट्रांसपोर्ट की थी। घायलों का इलाज जीएमसी ऊधमपुर में किया जा रहा है।
यात्री बोले…बस तेज रफ्तार में थी,टायर फटने से कंट्रोल छूटा
हादसे वाली जगह पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे की वजह बस का ओवरलोड और तेज रफ्तार होना था। घायल यात्रियों से पूछा गया तो वे बोले कि ड्राइवर बहुत तेज बस चला रहा था। बस का टायर फटने से वह स्पीड कंट्रोल नहीं कर सका। जिसके कारण वह करीब 100 मीटर की ऊंचाई से गिर गई।
बस की चपेट में ऑटो भी आया
बस नीचे सड़क पर उलटी गिरने से पहले एक ऑटो-रिक्शा को कुचलती हुई गई। अधिकारियों ने बताया कि ऑटो-रिक्शा में सवार लोगों को चोटें आईं, लेकिन वे बच गए। हादसे के बाद उसी रास्ते से गुजर रहे सेना के एक काफिले ने बचाव अभियान की कमान संभाली। बाद में एक हाइड्रोलिक क्रेन की मदद से गाड़ी को सीधा किया गया।
राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने उधमपुर बस हादसे पर जताया दुःख,
मृतकों के परिजनों को 2 लाख की सहायता का ऐलान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में हुए भीषण बस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। राष्ट्रपति ने एक्स पर पोस्ट किया, ‘जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में हुई बस दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु के बारे में जानकर मुझे अत्यंत दःुख हुआ है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति मैं शोक-संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। ‘ प्रधानमंत्री ने कहा कि उधमपुर में बस हादसे में लोगों की मृत्यु की खबर से वे बेहद दुःखी हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।


Share

Check Also

नई दिल्ली@ मल्लिकार्जुन खरगे का तीखा हमला

Share कहा… ‘क्या मोदी बंगाल के सीएम बनना चाहते हैं?’नई दिल्ली ,20 अप्रैल 2026 । …

Leave a Reply