Breaking News

बलरामपुर@बलरामपुर में टला बड़ा हादसा ….अनियंत्रित ट्रेलर पेड़ से टकराया,आग लगने से मची अफरा-तफरी,चालक सुरक्षित

Share


-संवाददाता-
बलरामपुर,02 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। जिले के डूमरखी बैरियर से आगे स्थित एक तीखे मोड़ पर गुरुवार दोपहर लगभग 3ः00 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन (क्रमांक ष्टत्र 10 ख्क्र 5772) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े दो पेड़ों से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही क्षणों में वाहन में आग लग गई,जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,ट्रेलर मोड़ पर संतुलन खो बैठा और सीधे पेड़ों से टकरा गया। टक्कर के तुरंत बाद वाहन के इंजन हिस्से से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं। सड़क पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई लोग सुरक्षित दूरी बनाकर खड़े हो गए। इस बीच ट्रेलर चालक युसूफ अंसारी (32 वर्ष) ने असाधारण सूझबूझ का परिचय देते हुए समय रहते वाहन से छलांग लगा दी,जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद वह कुछ देर तक सदमे में रहा, लेकिन उसे किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलते ही हाइवे पेट्रोलिंग पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने तत्काल अग्निशामक दल और वन विभाग को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद वाहन में लगी आग पर काबू पाया। महत्वपूर्ण बात यह रही कि घटना स्थल जंगल से सटा हुआ क्षेत्र है। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता,तो आग तेजी से फैलकर बड़े जंगल क्षेत्र को अपनी चपेट में ले सकती थी,जिससे भारी नुकसान की आशंका थी। हालांकि प्रशासन और दमकल विभाग की तत्परता के चलते एक बड़ा हादसा टल गया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे का कारण तेज रफ्तार या वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। राहत की बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।


Share

Check Also

प्रतापपुर,@आवास मिला…लेकिन अधूरा सूरजपुर में गरीबों के सपनों पर ‘किस्त’ का ताला

Share प्रतापपुर ब्लॉक सबसे ज्यादा प्रभावित…मजदूरी भी अटकी-आदिवासी परिवारों पर दोहरी मारप्रतापपुर, 23 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply