ईरान-रूस से तेल खरीदने के लिए ट्रंप से लेनी पड़ रही इजाजत
कोट्टायम,30 मार्च 2026। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केरल के कोट्टायम में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखे प्रहार किए। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार की वजह से भारत की अपनी मर्जी से तेल खरीदने की ताकत खत्म हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत को ईरान या रूस जैसे देशों से तेल खरीदने के लिए भी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अनुमति लेनी पड़ती है। उन्होंने केरल की एलडीएफ सरकार को भी भ्रष्टाचार के मुद्दे पर घेरा और रबर किसानों के लिए बड़े वादे किए। राहुल गांधी ने जनसभा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका के साथ समझौता करके हमारे किसानों के अधिकार छीन लिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पीएम मोदी आधुनिक भारत के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने देश की ऊर्जा सुरक्षा को खतरे में डाल दिया है। राहुल ने कहा कि आज भारत अपनी मर्जी से पेट्रोल या डीजल नहीं खरीद सकता है। उन्होंने आगे कहा कि मध्य पूर्व के हालातों की वजह से आर्थिक संकट आने वाला है, लेकिन 140 करोड़ लोगों का देश अपनी मर्जी से तेल नहीं खरीद पा रहा है। केरल के रबर किसानों का मुद्दा उठाते हुए राहुल गांधी ने एलडीएफ सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एलडीएफ ने 2016 के घोषणापत्र में रबर की कीमत 250 रुपये करने का वादा किया था, जिसे पिछले 10 साल में पूरा नहीं किया गया। उन्होंने घोषणा की कि राज्य में यूडीएफ की सरकार बनते ही पहली कैबिनेट बैठक में रबर की कीमत 250 रुपये तय की जाएगी और बाद में इसे 300 रुपये तक ले जाया जाएगा। राहुल गांधी ने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, ‘केरल के मुख्यमंत्री से कितने घंटे पूछताछ हुई? क्या वह जमानत पर बाहर हैं? क्या उनके बच्चों और उनके परिवार से पूछताछ की गई है? जब एलडीएफ नेतृत्व ने सबरीमाला मंदिर से सोना चुराकर उसकी जगह पीतल लगा दिया, तो प्रधानमंत्री इस पर कुछ क्यों नहीं कहते?’ उन्होंने कहा कि पीएम खुद को हिंदुत्व का रक्षक बताते हैं, लेकिन इस चोरी पर कुछ नहीं बोलते। हालांकि, राहुल गांधी के इन दावों पर पलटवार भी हो रहा है।
जानकारों का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पिछले भाषणों में सबरीमाला मंदिर में सोने की चोरी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया है। पीएम मोदी ने इसी साल जनवरी में राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि सबरीमाला की परंपराओं को बचाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। पीएम ने वादा किया था कि अगर राज्य में बीजेपी की सरकार आती है, तो सोने की चोरी की जांच कराई जाएगी और दोषियों को जेल भेजा जाएगा।
संसद से भागने का लगाया आरोप
राहुल गांधी ने रैली में यह भी कहा कि बीजेपी और आरएसएस कांग्रेस पार्टी से डरे हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि जब वह संसद में अदाणी और अन्य मुद्दों पर बोल रहे थे, तो उन्हें बोलने नहीं दिया गया और प्रधानमंत्री संसद छोड़कर चले गए। राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले महीनों में युद्ध की अस्थिरता के कारण देश के सामने और भी चुनौतियां आने वाली हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur