रायपुर,29 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य विभाग में हाल ही में जारी पदस्थापना और प्रतिनियुक्ति आदेश को लेकर सियासत तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चिकित्सा प्रकोष्ठ ने इस आदेश पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे भ्रष्टाचार से जुड़ा बताया है। प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश गुप्ता ने प्रेस बयान जारी कर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा है कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी प्रतिनियुक्ति पदस्थापना आदेश से पूरे विभाग में प्रशासनिक अस्थिरता और अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के आदेशों से वसूली की नई संभावनाएं खुलती हैं और यह पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के बजाय भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली प्रतीत होती है। उन्होंने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विभाग में पिछले ढाई वर्षों से नियमित पदोन्नति नहीं हुई है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष व्याप्त है। उन्होंने मांग की कि सभी विभागों में समयबद्ध तरीके से प्रमोशन किए जाएं और रिक्त पदों पर पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया अपनाई जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। राकेश गुप्ता ने यह भी कहा कि वर्तमान में डॉक्टरों, चिकित्सा शिक्षकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल वर्कर्स और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों की भारी कमी है।
भर्ती प्रक्रिया में देरी के कारण स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हो रही है और कई स्थानों पर कामकाज बाधित हो रहा है। डॉ. गुप्ता ने इस मुद्दे को लेकर राज्य के मुख्य सचिव विकासशील और स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया को ईमेल के माध्यम से पत्र भेजा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur