Breaking News

नई दिल्ली@भाजपा की 144 नामों की पहली लिस्ट जारी…बंगाल में सीएम ममता की सीट से चुनाव लड़ेंगे सुवेंदु अधिकारी

Share

नई दिल्ली,16 मार्च 2026। भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को नंदीग्राम के अलावा भवानीपुर से भी चुनाव लड़ाने का फैसला किया है, जहां से ममता बनर्जी चुनाव लड़ती हैं और वर्तमान में यहां से विधायक भी हैं। भाजपा में शामिल होने से पहले ममता बनर्जी के करीबी रहे सुवेंदु अधिकारी के भवानीपुर से चुनाव लड़ने के फैसले से एक बार फिर दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक टकराव की प्रबल संभावना पैदा हो गई है। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ने का फैसला किया था। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उसके बाद भवानीपुर से टीएमसी विधायक सोवनदेब चट्टोपाध्याय ने ममता के लिए अपनी सीट छोड़ने का फैसला किया था और यहां से वह उपचुनाव में जीतकर बंगाल विधानसभा में पहुंची थीं। भाजपा द्वारा इस निर्वाचन क्षेत्र से अधिकारी को मैदान में उतारने का निर्णय तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व को उसके गढ़ में चुनौती देने की आक्रामक रणनीति का संकेत देता है।
बीजेपी ने 41 विधायकों को किया रिपीट : भारत के राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के रचयिता और महान साहित्यकार बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय के परिवार से संबंध रखने वाले सौमित्र चट्टोपाध्याय को नैहाटी से उम्मीदवार नामित किया गया है। घोषित उम्मीदवारों में से 41 वर्तमान विधायक और 3 पूर्व विधायक हैं। बीजेपी ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को खड़गपुर सदर से मैदान में उतारा है। बीजेपी ने अपनी फायरब्रांड महिला नेता अग्निमित्रा पॉल को आसनसोल दक्षिण से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है, जबकि पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता राशबेहारी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी ने कालीगंज से बापन घोष, डायमंड हार्बर से दीपक कुमार हलदर, आसनसोल उत्तर से कृष्णेंदु मुकर्जी, हासन से निखिल बनर्जी, कूचबिहार उत्तर से सुकुमार रॉय और सिलीगुड़ी से शंकर घोष को मैदान में उतारा है। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की पहली लिस्ट में घोषित 144 उम्मीदवारों में से 57 ऐसे उम्मीदवार हैं जो प्रोफेशनल और सोशल बैकग्राउंड से आते हैं। पार्टी ने इन चेहरों को प्रमुखता देते हुए शिक्षा, सामाजिक सेवा और पेशेवर अनुभव वाले लोगों को मैदान में उतारा है।


Share

Check Also

भोपाल@इंदौर में सड़क हादसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे की मौत

Share भोपाल,12 जून 2026। इंदौर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ …

Leave a Reply