Breaking News

सोनहत@सोनहत में स्वास्थ्य सेवाओं का नया सवेरा…स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर सीएमएचओ डॉ. प्रशांत सिंह का ‘एक्शन’, साल भर बाद बहाल हुई सोनोग्राफी सेवा

Share

  • लगभग एक वर्ष से बंद पड़ी सुविधा अब फिर शुरू,हर शुक्रवार को मिलेगी जांच की सुविधा
  • ‘घटती-घटना’ की लगातार खबरों के बाद हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग


राजन पाण्डेय
सोनहत,15 मार्च 2026 (घटती-घटना)। कोरिया जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र सोनहत के ग्रामीणों के लिए यह सप्ताह राहत भरी खबर लेकर आया है, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत में पिछले लगभग एक वर्ष से बंद पड़ी सोनोग्राफी सुविधा अब फिर से शुरू होने जा रही है,स्वास्थ्य मंत्री के कड़े निर्देश और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह की सक्रिय पहल के बाद यह व्यवस्था दोबारा बहाल की गई है, इससे क्षेत्र के ग्रामीणों, खासकर गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
सीएमएचओ डॉ. प्रशांत सिंह की सक्रियता से मिली सफलता
स्वास्थ्य मंत्री द्वारा मामले का संज्ञान लेने के तुरंत बाद सीएमएचओ डॉ. प्रशांत सिंह ने तेजी से कार्रवाई करते हुए स्थानीय स्तर पर आ रही तकनीकी और मैनपावर की समस्याओं को दूर करने की पहल की, बताया जा रहा है कि सोनोग्राफी मशीन,कक्ष व्यवस्था और विशेषज्ञ डॉक्टर की उपलब्धता जैसी समस्याओं को प्राथमिकता से हल किया गया,डॉ. सिंह ने स्वयं इस व्यवस्था की मॉनिटरिंग करते हुए यह सुनिश्चित किया कि अब सोनहत क्षेत्र के मरीजों को जांच के लिए जिला अस्पताल या निजी केंद्रों के चक्कर न लगाने पड़ें और न ही अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़े।
हर शुक्रवार को मिलेंगी सोनोग्राफी सेवाएं
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी नए रोस्टर के अनुसार अब डॉ. खुशबू वैद्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत में नियमित रूप से सोनोग्राफी सेवाएं प्रदान करेंगी।
नया रोस्टर
अब प्रत्येक शुक्रवार को डॉ. खुशबू वैद्य सोनहत में अपनी सेवाएं देंगी, सीएमएचओ कार्यालय से आदेश जारी होने के बाद विभाग ने मशीन और कक्ष की व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है, ताकि इस सप्ताह से ही जांच की सुविधा शुरू हो सके।
गर्भवती महिलाओं को मिलेगी सबसे बड़ी राहत
सोनहत जैसे दूरस्थ क्षेत्र में सोनोग्राफी सुविधा बंद होने के कारण गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही थी, अक्सर मरीजों को जांच के लिए बैकुंठपुर या निजी सोनोग्राफी केंद्रों तक जाना पड़ता था, जिससे समय और पैसे दोनों का अतिरिक्त बोझ बढ़ जाता था, अब स्थानीय स्तर पर ही यह सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
सोनोग्राफी सेवा दोबारा शुरू होने की खबर से क्षेत्र में खुशी का माहौल है, ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग और सीएमएचओ डॉ. प्रशांत सिंह के प्रयासों की सराहना की है, लोगों का कहना है कि इससे अब गरीब मरीजों को समय पर जांच की सुविधा मिलेगी और अनावश्यक खर्च से भी बचाव होगा।
घटती-घटना के खबर का बड़ा असर
सोनहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोनोग्राफी सेवा लंबे समय से बंद होने का मुद्दा समाचार पत्र ‘घटती-घटना’ द्वारा लगातार उठाया गया था,समाचार पत्र ने इस गंभीर समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया और लगातार खबरें प्रकाशित कर प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया,इतना ही नहीं, स्वास्थ्य मंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भी ‘घटती-घटना’ ने इस मुद्दे पर सीधा सवाल उठाया,जिसके बाद मंत्री ने तत्काल संज्ञान लेते हुए विभाग को सेवा बहाल करने के निर्देश दिए।
प्रमुख बिंदु
– राहतः लगभग एक वर्ष बाद सोनहत में फिर शुरू होगी सोनोग्राफी जांच।
– विशेषज्ञ सेवाः डॉ. खुशबू वैद्य प्रत्येक शुक्रवार को देंगी सेवाएं।
– स्थानीय सुविधाः अब ग्रामीणों को जिला अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
– प्रशासनिक सक्रियताः सीएमएचओ डॉ. प्रशांत सिंह की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना।
इनका कहना है
‘हमारा लक्ष्य जिले के अंतिम छोर तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है। सोनहत में सोनोग्राफी सेवा का पुनः प्रारंभ होना इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. प्रशांत सिंह
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी,कोरिया


Share

Check Also

रायपुर@सट्टेबाजी गिरोह के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के घर क्राइम ब्रांच का छापा,विदेशी नेटवर्क और दस्तावेजों की जांच जारी

Share रायपुर,24 अप्रैल 2026। ऑनलाइन सट्टा एप 3 Stumps से जुड़े बड़े नेटवर्क पर रायपुर …

Leave a Reply