हैदराबाद,15 मार्च 2026। तेलंगाना के रंगारेड्डी जि़ले के मोइनाबाद क्षेत्र में स्थित एक फार्महाउस में कथित तौर पर आयोजित ड्रग्स पार्टी का मामला अब राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में बड़ा विवाद बन गया है। इस पार्टी में उद्योगपतियों,रियल एस्टेट कारोबारियों और राजनीतिक नेताओं की मौजूदगी सामने आने के बाद मामला और भी सनसनीखेज हो गया है। पुलिस जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं, जबकि विपक्षी दलों ने आरोप लगाया है कि कुछ प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार,उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि मोइनाबाद के अजीजनगर स्थित एक फार्महाउस में ड्रग्स के साथ पार्टी चल रही है। सूचना मिलते ही ‘ड्रग लॉ एनफोर्समेंट के लिए एलीट एक्शन ग्रुप’ (ईगल) की पांच सदस्यीय टीम ने शनिवार रात करीब 9ः30 बजे फार्महाउस पर छापा मारा। हालांकि, छापेमारी के दौरान पुलिस को फार्महाउस के अंदर प्रवेश करने में शुरुआती विरोध का सामना करना पड़ा। बताया गया कि गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और फार्महाउस के मालिक तथा पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी ने पुलिस टीम को तुरंत अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद स्थिति को देखते हुए पुलिस ने स्पेशल ऑपरेशंस टीम (एसओटी) को मौके पर बुलाया,जिसकी मदद से टीम ने फार्महाउस के अंदर प्रवेश किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने फार्महाउस से करीब दो ग्राम कोकीन बरामद की। जांच में यह भी सामने आया कि पार्टी में कुल 11 लोग मौजूद थे,जिनमें से छह लोगों का ड्रग्स टेस्ट पॉजिटिव पाया गया। ईगल टीम के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गिरिधर ने रविवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जिन छह लोगों का ड्रग्स टेस्ट पॉजिटिव आया है,उनमें पूर्व विधायक पायलट रोहित रेड्डी,एलुरु के टीडीपी सांसद पुट्टा महेश कुमार यादव,रितेश रेड्डी,नमित,कौशिक रवि और अर्जुन रेड्डी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, सांसद पुट्टा महेश कुमार यादव का शनिवार रात को किया गया रैपिड ड्रग टेस्ट नेगेटिव आया था, लेकिन बाद में किए गए ब्लड टेस्ट में उनका परिणाम पॉजिटिव पाया गया। पुलिस का यह भी आरोप है कि जांच के दौरान सैंपल के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की गई थी,जिसकी भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, पार्टी के दौरान राजस्थान के एक पूर्व विधायक ने कथित तौर पर रोहित रेड्डी के भाई की बंदूक से हवा में दो राउंड फायरिंग की। इसी दौरान पुलिस को गोलियों की आवाज सुनाई दी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur