Breaking News

सूरजपुर@डीलिस्टिंग की मांग को लेकर दिल्ली में 24 मई को होगा शक्ति प्रदर्शनः संत सिंह

Share


-संवाददाता-
सूरजपुर,14 मार्च 2026 (घटती-घटना)। जनजाति सुरक्षा मंच के तत्वावधान में शनिवार को सूरजपुर स्थित अटलकुंज भवन में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया, इस कार्यशाला में जिले के विभिन्न ग्रामों से बड़ी संख्या में जनजाति समुदाय के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने जनजाति समाज को एकजुट रहने का आह्वान करते हुए डीलिस्टिंग की मांग को लेकर आगामी 24 मई को दिल्ली में होने वाले शक्ति प्रदर्शन की जानकारी दी।
कार्यशाला में उपस्थित पदाधिकारियों ने जनजाति समाज को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में जनजातियों के अधिकारों और सुविधाओं को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है, उनका कहना था कि धर्मांतरण कर चुके लोग भी जनजातियों के लिए निर्धारित अधिकारों और योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं, जिससे वास्तविक जनजाति समाज के हित प्रभावित हो रहे हैं, इसलिए अब समाज को जागरूक और संगठित होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आना होगा।
24 मई को दिल्ली में होगा जनजातियों का शक्ति प्रदर्शन
कार्यक्रम में जिला संयोजक संत सिंह ने कहा कि जनजाति सुरक्षा मंच के बैनर तले आगामी 24 मई को दिल्ली के रामलीला मैदान में देशभर के जनजाति समाज का विशाल शक्ति प्रदर्शन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से लाखों की संख्या में जनजाति समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है, उन्होंने बताया कि इस शक्ति प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से यह मांग की जाएगी कि जो लोग अपने मूल जनजातीय धर्म को छोड़कर अन्य धर्म अपना चुके हैं,उन्हें अनुसूचित जनजाति की सूची से बाहर किया जाए, उन्होंने इसे डीलिस्टिंग की मांग बताते हुए कहा कि इससे वास्तविक जनजाति समाज के अधिकारों की रक्षा हो सकेगी।
जिले में चल रही तैयारी
दिल्ली में होने वाले इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिले भर में व्यापक तैयारी की जा रही है, जनजाति सुरक्षा मंच के पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न विकासखंडों में कार्यशालाओं का आयोजन कर जनजाति समाज को एकजुट किया जा रहा है,विकासखंड सूरजपुर में आयोजित कार्यशाला के दौरान उपस्थित लोगों से कहा गया कि वे अपने-अपने गांव और क्षेत्रों में बैठक आयोजित कर समाज के लोगों को दिल्ली चलने के लिए प्रेरित करें। साथ ही इस कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया गया।
28 लाख जनजातियों के जुटने का दावा
कार्यशाला में बताया गया कि 24 मई को दिल्ली में आयोजित होने वाली महागर्जना रैली में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 28 लाख से अधिक जनजाति समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है, पदाधिकारियों का कहना था कि इतने बड़े स्तर पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम जनजाति समाज की एकजुटता और अधिकारों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत करेगा।
जनजाति समाज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा…
जिला संयोजक संत सिंह ने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी जनजाति समाज अपने अधिकारों को लेकर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, उनका कहना था कि कई मामलों में जनजातियों के लिए बनाई गई योजनाओं और सुविधाओं का लाभ ऐसे लोग उठा रहे हैं जो धर्म परिवर्तन कर चुके हैं, इस स्थिति को सुधारने के लिए डीलिस्टिंग की मांग को लेकर यह आंदोलन चलाया जा रहा है।
बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित…
दिल्ली में आयोजित होने वाली महागर्जना रैली में भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यशाला में जनजाति सुरक्षा मंच के कई पदाधिकारी और समाज के लोग उपस्थित रहे,कार्यक्रम में जिला सहसंयोजक कामता प्रसाद सिंह, देवेंद्र सिंह (विकासखंड संयोजक), गोपाल राम (जिला संगठन मंत्री),जयंती भगत,शशि किरण खेस,आमवती नेताम,स्वाति सिंह (जनपद अध्यक्ष सूरजपुर),रामस्वरूप सिंह, सतबीर सिंह,कुंवर साय सिंह,जीतराम मिंज,दुर्गा यादव, अनेश टोप्पो,मनोज सिंह, मोहर साय सिंह,सुरेश सिरदार,निकुंज सिरदार,जय भारती सिंह सहित बड़ी संख्या में जनजातीय सुरक्षा मंच के पदाधिकारी,सरपंचगण और समाज के लोग मौजूद रहे,कार्यक्रम के अंत में समाज के लोगों से अपील की गई कि वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित होकर इस आंदोलन को मजबूत करें और 24 मई को दिल्ली में आयोजित शक्ति प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों।


Share

Check Also

रायपुर@सट्टेबाजी गिरोह के मास्टरमाइंड बाबू खेमानी के घर क्राइम ब्रांच का छापा,विदेशी नेटवर्क और दस्तावेजों की जांच जारी

Share रायपुर,24 अप्रैल 2026। ऑनलाइन सट्टा एप 3 Stumps से जुड़े बड़े नेटवर्क पर रायपुर …

Leave a Reply