ड्यूटी पर जाते समय सड़क दुर्घटना में हुआ था निधन,पुलिस सैलरी पैकेज के तहत मिली आर्थिक मदद
-संवाददाता-
सूरजपुर,14 मार्च 2026 (घटती-घटना)। ड्यूटी पर जाते समय सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए सूरजपुर जिले के आरक्षक मसत राम पैंकरा के परिवार को पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है, यह राशि भारतीय स्टेट बैंक द्वारा पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत दी गई है।
डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर तथा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के रीजनल मैनेजर अविनाश पाणिग्रही ने दिवंगत आरक्षक के गृहग्राम चकेरी (शर्मा), थाना उदयपुर, जिला सरगुजा पहुंचकर उनकी धर्मपत्नी कुसुम सिंह को 1 करोड़ रुपये का चेक सौंपा, इस दौरान अधिकारियों ने परिवारजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना भी दी।
ड्यूटी पर जाते समय हुआ था हादसा
आरक्षक मसत राम पैंकरा सूरजपुर जिले में आरक्षक के पद पर पदस्थ थे और डीआईजी/एसएसपी सूरजपुर के गनमैन के रूप में कार्यरत थे, 17 सितंबर 2025 को ड्यूटी पर जाते समय एक सड़क दुर्घटना में उनका आकस्मिक निधन हो गया था। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर फैल गई थी और विभाग ने दिवंगत आरक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की थी।
परिजनों को दी गई आर्थिक सहायता
13 मार्च 2026 को डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर बैंक अधिकारियों के साथ दिवंगत आरक्षक के गांव पहुंचे और उनकी पत्नी कुसुम सिंह तथा परिवार के अन्य सदस्यों को सांत्वना देते हुए भारतीय स्टेट बैंक शाखा की ओर से 1 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया, यह आर्थिक सहायता पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत दी गई है, जिसका उद्देश्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उनके आश्रित परिवार को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।
परिवार ने जताया आभार
दिवंगत आरक्षक की धर्मपत्नी और अन्य परिजनों ने आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर छत्तीसगढ़ शासन, पुलिस विभाग और बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया, परिजनों का कहना है कि इस सहायता से परिवार को आर्थिक संबल मिलेगा और भविष्य की जिम्मेदारियों को निभाने में मदद मिलेगी।
योजना का उद्देश्य
पुलिस सैलरी पैकेज योजना का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ड्यूटी के दौरान किसी पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की आकस्मिक मृत्यु होने पर उसके आश्रित परिवार को आर्थिक रूप से सुरक्षित किया जा सके, ताकि परिवार आत्मनिर्भर बन सके और भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सके, इस अवसर पर एसबीआई के डिप्टी मैनेजर प्रेमशंकर सिंह, दिवंगत आरक्षक के पिता बीर सिंह सहित परिवार के अन्य सदस्य और स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur