Breaking News

कोलकाता@प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल को दी 18,680 करोड़ की सड़क,रेल और पोर्ट परियोजनाओं की सौगात

Share

बंगाल की निर्मम सरकार का अंत होकर रहेगा : पीएम मोदी
कोलकाता,14 मार्च 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कोलकाता दौरे के दौरान पश्चिम बंगाल को 18,680 करोड़ की सड़क,रेल और बंदरगाह से जुड़ी बड़ी कनेक्टिविटी परियोजनाओं की सौगात दी। इन परियोजनाओं को राज्य में आधारभूत ढांचे के विस्तार,औद्योगिक विकास और बेहतर परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव से पहले इसे राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस की सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि अब राज्य के लोगों के दिलों में यह बात छप चुकी है कि बंगाल की ‘निर्मम सरकार’ का अंत होकर रहेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में बदलाव का माहौल बन चुका है और इसे कोई नहीं रोक सकता। प्रधानमंत्री ने कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भारतीय जनता पार्टी की रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत बंगाली भाषा में लोगों का अभिवादन करते हुए की। उन्होंने कहा, ‘पश्चिम बंगाल के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों, मैं अपने दिल की गहराइयों से आपको हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। ‘प्रधानमंत्री ने कहा कि ब्रिगेड परेड ग्राउंड में उमड़ी विशाल भीड़ इस बात का प्रमाण है कि आज बंगाल क्या सोच रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों का उत्साह और जोश स्पष्ट रूप से दिखाता है कि राज्य में परिवर्तन की इच्छा मजबूत हो चुकी है। मोदी ने कहा कि ब्रिगेड मैदान का इतिहास इस बात का गवाह रहा है कि जब-जब बंगाल ने देश को दिशा दी है,तब-तब यह मैदान बंगाल की आवाज बना है। अंग्रेजी शासन के खिलाफ इसी मैदान से उठी आवाज पूरे देश में क्रांति बन गई थी और अंततः अंग्रेजों के अत्याचार और लूट का अंत हुआ था। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज एक बार फिर इसी मैदान से ‘नए बंगाल की क्रांति’ का बिगुल बज चुका है। बंगाल में बदलाव अब दीवारों पर भी लिखा जा चुका है और लोगों के दिलों में भी दर्ज हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब बंगाल से ‘महाजंगलराज’ का खात्मा होगा और राज्य में कानून का राज स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि राज्य के हर कोने से आवाज उठ रही है- ‘चाई बीजेपी सरकार, अबकी बार। ‘ प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी ने रैली में आने वाले लोगों को ‘चोर’ कहकर अपमानित किया है। उन्होंने कहा कि असली चोर कौन है, यह बंगाल की जागरूक जनता अच्छी तरह जानती है। मोदी ने कहा कि अपनी सत्ता जाते हुए देखकर राज्य की सरकार बौखला गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि तमाम कोशिशों के बावजूद टीएमसी सरकार लोगों को इस रैली में शामिल होने से नहीं रोक पाई।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply