राजपुर,08 मार्च 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज के अनुमोदन पश्चात बलरामपुर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी घोषणा की गई। इसी क्रम में क्षेत्र के सक्रिय कांग्रेस नेता सुनील सिंह को जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सुनील सिंह की नियुक्ति को संगठन के प्रति उनके लंबे समय से किए जा रहे समर्पण,संघर्ष और सक्रिय योगदान का सम्मान माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। सुनील सिंह पिछले लगभग 25 वर्षों से कांग्रेस संगठन से सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। इस दौरान उन्होंने15 वर्षों तक पार्टी में प्रवक्ता के दायित्व को निभाया है तथा विभिन्न जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के लगभग पांच वर्षों के कार्यकाल के दौरान गांव गांव जाकर लोगों से सतत संपर्क रखा,लंबे समय तक जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता के रूप में भी अपनी भूमिका निभा चुके हैं। प्रवक्ता के रूप में उनकी स्पष्ट सोच,प्रभावशाली वाक्यशैली और संगठन के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच एक विश्वसनीय चेहरा बनाया। इसके अलावा उन्होंने राजपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में लगभग पांच वर्षों तक संगठन को मजबूत करने का कार्य किया। अपने कार्यकाल में उन्होंने जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने,संगठनात्मक गतिविधियों को बढ़ाने तथा आम जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय सुनील सिंह राजपुर विकासखंड के ग्राम नरसिंहपुर के पूर्व उपसरपंच भी रह चुके हैं। स्थानीय स्तर पर जनता के साथ उनका मजबूत जुड़ाव और संगठन के प्रति समर्पण ही उन्हें इस नई जिम्मेदारी तक लेकर आया है। अपनी नियुक्ति पर सुनील सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और जिला संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ संगठन को मजबूत करने तथा कांग्रेस की नीतियों को गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur