हरिद्वार में 3 पाकिस्तानी शरणार्थियों को दी नागरिकता,ई-0 एफआईआर सिस्टम शुरू
हरिद्वार,07 मार्च 2026। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरिद्वार में आयोजित राज्य सरकार के ‘4 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को अटल बिहारी वाजपेयी ने बनाया था और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संवार रहे हैं। केदारनाथ धाम से लेकर कन्याकुमारी तक पूरे देश में जहां-जहां घुसपैठिए हैं, उन्हें चुन-चुनकर भारत से बाहर निकालने का काम किया जाएगा। एक दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड पहुंचे शाह का देहरादून के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत किया। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से हरिद्वार के बैरागी कैंप मैदान पर पहुंचे। यहां उन्होंने ई-0 एफआईआर प्रणाली की शुरुआत की और 1129.91 करोड़ रुपए की 39 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। जिसके बाद सीएए के तहत 3 पाकिस्तानी और 1 अफगानिस्तानी शरणार्थी को भारतीय नागरिकता के प्रमाण पत्र सौंपे।
घुसपैठियों पर सख्ती का ऐलान…
अमित शाह ने कहा… कि देश में जहां-जहां घुसपैठिए हैं, उन्हें चिन्हित कर भारत से बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। शाह ने कहा कि हरिद्वार का कुंभ पूरे भारत की आस्था का केंद्र है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 में कुंभ के साथ उत्तराखंड में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।
बिना सिफारिश मिल रही नौकरियां…
शाह ने कहा कि आज युवाओं को नौकरी पाने के लिए न पर्ची चाहिए और न ही खर्ची। पारदर्शी व्यवस्था के कारण युवाओं को मेरिट के आधार पर रोजगार मिल रहा है।
देश विकास और सुशासन की नई गाथा लिख रहा : धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में देश विकास और सुशासन की नई गाथाएं लिख रहा है। उन्होंने कहा कि 2022 में उत्तराखंड की जनता ने सभी मिथकों को तोड़ते हुए भाजपा को दोबारा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का आशीर्वाद दिया।
धारा 370 हटाकर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ का सपना साकार : धामी
धामी ने कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर ‘एक भारत,श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को मजबूत किया है। साथ ही नागरिकता संशोधन अधिनियम लागू कर वर्षों से उपेक्षित हिंदू शरणार्थियों को सम्मान और सुरक्षा का अधिकार दिलाया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur