नई दिल्ली,27 फरवरी 2026। तेलंगाना जागृति की अध्यक्ष और पूर्व सांसद के.कविता ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें देश की न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है। उन्होंने यह बयान उस समय दिया,जब दिल्ली की एक अदालत ने कथित दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में उन्हें बरी कर दिया। आबकारी नीति से जुड़े इस बहुचर्चित मामले में तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) की पुत्री के रूप में आरोपों का सामना कर रहीं कविता को अदालत से राहत मिलने के बाद उन्होंने फैसले का स्वागत करते हुए ‘सत्यमेव जयते’ कहा। मीडिया से बातचीत में कविता ने दावा किया कि पूरा मामला राजनीतिक प्रतिशोध के तहत उन्हें फंसाने की साजिश था। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही उन्होंने तेलंगाना की जनता से भरोसा जताया था कि सच की जीत होगी और वह बेदाग साबित होंगी। कविता ने कहा, ‘मैं लगातार कहती रही हूं कि मैं धुले हुए मोती की तरह बाहर निकलूंगी और आज सच सामने आ गया है। इस मामले के कारण मुझे और मेरे परिवार को कई महीनों तक मानसिक पीड़ा झेलनी पड़ी। ‘ उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को परेशान करने के लिए जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया गया और अदालत के फैसले से पहले ही उनके खिलाफ गलत धारणाएं बनाई गईं। अदालत का फैसला आने के बाद कविता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी ‘सत्यमेव जयते’ लिखकर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने कठिन समय में साथ देने वाले समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार जताते हुए कहा कि अब वह पहले से अधिक ऊर्जा के साथ जनता की सेवा करेंगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur