Breaking News

नई दिल्ली@शराब घोटाले में केजरीवाल-मनीष सिसोदिया बरी

Share

कोर्ट बोला…सीबीआई ने साजिश की कहानी गढ़ी,जांच एजेंसी ने 6 घंटे बाद ही हाईकोर्ट में अपील की…
नई दिल्ली,27 फरवरी 2026। शराब घोटाला केस में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को सीबीआई केस में बरी कर दिया है। कोर्ट ने शुक्रवार को कहा- दोनों के खिलाफ सबूत नहीं है,आरोप साबित नहीं होता। सीबीआई ने साजिश गढ़ने की कोशिश की, लेकिन उसका सिद्धांत ठोस सबूतों की जगह अनुमान पर था। सीबीआई ने इस मामले में कुल 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। स्पेशल जज जितेंद्र सिंह ने सभी के खिलाफ आरोप तय करने से इनकार करते हुए सभी को बरी कर दिया। जांच एजेंसी ने करीब 6 घंटे बाद दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया। सीबीआई ने निचली अदालत के आदेश को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट से इसे रद्द करने की मांग की है। वहीं,बरी होने के बाद कोर्ट से बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान केजरीवाल भावुक हो गए। उन्होंने कहा…मैंने जिंदगी में सिर्फ ईमानदारी कमाई है। आज ये साबित हो गया कि केजरीवाल,मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार हैं। वहीं,कोर्ट के फैसले पर मनीष सिसोदिया ने कहा…हमें एक बार फिर गर्व हो रहा हैं अपने संविधान पर और बी.आर.अंबेडकर पर, जिन्होंने हमें ऐसा संविधान दिया। सच की फिर से जीत हुई है।
कोर्ट ने सबूतों को बताया कमजोर
कोर्ट की टिप्पणी से यह स्पष्ट हुआ कि दाखिल की गई चार्जशीट में कई खामियां थीं। अदालत ने कहा कि कई ऐसे बिंदु हैं जिन पर संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इसी आधार पर राहत दी गई। हालांकि,जांच एजेंसी का कहना है कि वह इस आदेश से संतुष्ट नहीं है और इसे हाईकोर्ट में चुनौती देगी। सीबीआई के वकीलों की ओर से संकेत दिया गया है कि आदेश का विस्तृत अध्ययन करने के बाद ऊपरी अदालत में अपील दायर की जाएगी।
कोर्ट ने झूठ का किला ढहा दिया
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता कट्टर ईमानदार है। कोर्ट ने झूठ का किला ढहा दिया। देशभर के लोगों ने जिन्होंने इतने कठिन समय में हमारा साथ दिया मैं उनका धन्यवाद करता हूं। आप जानते हैं कि किस तरह पिछले चार साल से ईडी,सीबीआई और सारी संस्थाओं का इस्तेमाल करके हमारे ऊपर शराबा घोटाला नामक एक आरोप लगाया गया। सीबीआई,ईडी ने उसमें चार्जशीट दाखिल की। आज कोर्ट ने लगभग 600 पेज के आदेश में कहा है कि इतना भी सबूत नहीं है कि इसमें मुकदमा भी चलाया जा सके। कोर्ट का कहना है कि इतना गलत, फर्जी केस है कि इसमें मुकदमा भी नहीं चलाया जा सकता। यह पूरा षड्यंत्र किसने और क्यों रचा? यह पूरा षड्यंत्र प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने रचा, उन दोनों को देश से माफी मांगनी चाहिए।
सबूतों के अभाव में बरी हुए केजरीवाल : भाजपा
भारतीय जनता पार्टी ने आम आदमी पार्टी (आआपा) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को आबकारी घोटाले के सीबीआई से संबंधित मामले में बरी किए जाने पर कहा कि अदालत ने सबूतों के अभाव में उन्हें बरी किया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने गुरुवार को पार्टी कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि यह एक तकनीकी मामला है और इसमें सैकड़ों मोबाइल फोन और सिम कार्ड नष्ट किए गए। सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि केजरीवाल सबूतों के अभाव में अदालत से बरी हुए हैं। सभी लोग जानते हैं कि सबूतों को नष्ट करने के लिए 173 मोबाइलों को नष्ट किया गया। भाजपा के नेता हर समय सबूतों को नष्ट करने के बात कहते रहे। आआपा नेताओं की सच्चाई दिल्ली की जनता जानती है,इसलिए उन्होंने सजा देकर आआपा को सत्ता से बाहर किया। तिवारी ने कहा कि कानून को सबूत नष्ट करके ज्यादा देर तक भ्रमित नहीं कर सकते हैं। सीबीआई उच्च अदालत जा रही है और दिल्ली को लूटने वाले भ्रष्टाचारियों को सजा जरूर मिलेगी।
मोदी-शाह ने षड़यंत्र रचा,अदालत के फैसले के बाद दिल से बड़ा बोझ उतरा : केजरीवाल
दिल्ली शराब नीति मामले से जुड़े सीबीआई केस में बरी होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पार्टी दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने हमारे खिलाफ साजिश रची। वे आम आदमी पार्टी को हरा नहीं पाए तो खत्म करने जुट गए। दोनों को देश से माफी मांगनी चाहिए। केजरीवाल ने कहा… आज मेरे दिल से बड़ा बोझ उतर गया है। आपने इतने केस बनाए। आपने हमारे पीछे ईडी,सीबीआई,पुलिस छोड़ी। एक समय आम आदमी पार्टी के टॉप 5 नेता जेल में थे, लेकिन आप कुछ नहीं बिगाड़ सके। पूर्व सीएम ने कहा…अब तो केवल कत्ल कराकर ही केजरीवाल को कंट्रोल कर सकते हैं। बिना कत्ल कराए ये लोग केजरीवाल को संभाल नहीं सकते हैं। मोदी और शाह के षडयंत्र का खामियाजा दिल्ली के 3 करोड़ लोग भुगत रहे हैं।
आप पार्टी के खिलाफ बड़ी साजिश रची गई…
केजरीवाल ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोर्ट के फैसले को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह पर आम आदमी पार्टी के खिलाफ बड़ी साजिश रचने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा कि मोदी और शाह को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को दिल्ली में फिर से चुनाव कराने की चुनौती भी दी। केजरीवाल ने दावा किया कि यदि भाजपा को दस से अधिक सीटें मिलीं तो वे राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें जेल जाने से फर्क पड़ता है और यह उनके परिवार को प्रभावित करता है। केजरीवाल ने भाजपा सरकार पर दिल्ली की हालत खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कोर्ट ने झूठ का किला ढहा दिया है। कोर्ट के करीब 600 पेज के आदेश में मुकदमा चलाने लायक सबूत नहीं मिले।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply