Breaking News

तेल अवीव@मोदी-नेतन्याहू की बैठक में समझौता…इजराइल में भारतीय यूपीआई चलेगा

Share


जल्द फ्री ट्रेड एग्रीमेंट करेंगे,इजराइल आना मेरे लिए गर्व की बात : पीएम मोदी
तेल अवीव,26 फरवरी 2026। प्रधानमंत्री मोदी दूसरे दिन सबसे पहले यरूशलम के होलोकॉस्ट मेमोरियल ‘याद वाशेम’ पहुंचे। यहां उन्होंने हिटलर के नाजी शासन में मारे गए 60 लाख यहूदियों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद इजराइली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से मुलाकात की। इस दौरान इसाक ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ी है, जो पूरी दुनिया का ध्यान खींच रही है। वहीं,पीएम मोदी ने इजराइली राष्ट्रपति को भारत आने का न्योता दिया। फिर पीएम मोदी और इजराइली पीएम नेतन्याहू ने द्विपक्षीय मीटिंग के बाद जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान बताया गया है कि इजराइल में भी अब भारत का यूपीआई पेमेंट सिस्टम चलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि भारत जल्द इजराइल के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट करेगा। मोदी बुधवार को इजराइल पहुंचे थे। नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने एयरपोर्ट पर मोदी को रिसीव किया था। इसके बाद पीएम मोदी ने इजराइली संसद नेसेट को भी संबोधित किया। उन्हें संसद का सर्वोच्च सम्मान ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ दिया गया। मोदी नेसेट को संबोधित करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने बताया कि भारत-इजराइल संबंधों को मजबूत करने में योगदान के लिए पीएम मोदी को इजराइली संसद का सम्मान मिला। ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ पाने वाले पीएम मोदी पहले शख्स हैं। मिस्री ने बताया कि आज सुबह पीएम मोदी ने यद वाशेम,वर्ल्ड होलोकॉस्ट रिमेम्ब्रेंस सेंटर में होलोकॉस्ट पीडि़तों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग से मुलाकात की और राष्ट्रपति भवन परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत ओक का पौधा लगाया। पीएम मोदी और पीएम नेतन्याहू के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में दोनों देशों ने विज्ञान,तकनीक,नवाचार,साइबर सिक्योरिटी, कृषि,जल प्रबंधन,रक्षा,व्यापार और लोगों के बीच संपर्क समेत कई क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा करने पर सहमति जताई।
भारत और इजराइल के बीच 16 एमओयू और समझौते साइन हुए…
मिस्री ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद करीब 16 एमओयू और समझौतों का आदान-प्रदान हुआ। ये समझौते विज्ञान,तकनीक,नवाचार,साइबर सिक्योरिटी,कृषि,जल प्रबंधन,रक्षा,व्यापार और आर्थिक सहयोग समेत कई क्षेत्रों से जुड़े हैं। भारत-इजराइल संबंधों को ‘स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फॉर पीस,इनोवेशन एंड प्रॉस्पेरिटी’ तक अपग्रेड करने का निर्णय लिया गया है। यह फैसला दोनों देशों के बीच गहरे विश्वास और मजबूत साझेदारी का प्रतीक है।
मोदी बोले- दुनिया में आतंकवाद की कोई जगह नहीं…
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इजराइल इस बात पर पूरी तरह सहमत हैं कि दुनिया में आतंकवाद की कोई जगह नहीं है। किसी भी रूप में आतंकवाद को स्वीकार नहीं किया जा सकता। हम अब तक कंधे से कंधा मिलाकर आतंकवाद और उसका समर्थन करने वालों के खिलाफ खड़े रहे हैं और आगे भी खड़े रहेंगे। पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता भारत की सुरक्षा से सीधे जुड़ी है। इसलिए हमने हमेशा बातचीत और शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन किया है। यही ग्लोबल साउथ और पूरी मानवता की भी मांग है। गाजा पीस प्लान से शांति की दिशा में एक रास्ता बना है। भारत ने इन प्रयासों का पूरा समर्थन किया है। आगे भी हम सभी देशों के साथ बातचीत और सहयोग जारी रखेंगे।
मोदी बोले…भारत में 100 सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस बनाने का टारगेट…
पीएम मोदी ने कहा कि भारत और इजराइल के बीच कृषि के क्षेत्र में लंबे समय से अच्छा और सफल सहयोग रहा है। आज हमने तय किया है कि इस सहयोग को भविष्य की जरूरतों के मुताबिक नई दिशा दी जाएगी। इजराइल की मदद से भारत में बनाए गए सेंटर्स ऑफ एक्सीलेंस हमारी दोस्ती का बेहतरीन उदाहरण हैं। इनकी सफलता को देखते हुए हमने ऐसे केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 100 तक करने का लक्ष्य रखा है।
भारत-इजराइल जल्द फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को अंतिम रूप देंगे
मोदी ने कहा…कि हमने अपने सहयोग को नई दिशा देने और उसे तेजी से आगे बढ़ाने पर बात की। हमारा आर्थिक सहयोग विकास,नवाचार और साझा समृद्धि का मजबूत इंजन बना हुआ है। आपसी निवेश बढ़ाने के लिए हमने पिछले साल द्विपक्षीय निवेश समझौता किया था। हम जल्द ही दोनों देशों के लिए फायदेमंद फ्री ट्रेड एग्रीमेंट को भी अंतिम रूप देंगे। टेक्नोलॉजी हमारी भविष्य की साझेदारी का अहम हिस्सा है। आज हमने क्रिटिकल और उभरती टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप शुरू करने का फैसला किया है। इससे एआई, क्वांटम और महत्वपूर्ण खनिज जैसे क्षेत्रों में सहयोग को नई रफ्तार मिलेगी।
विदेश सचिव बोले…पीएम का दौरा ‘रिच और प्रोडक्टिव’
प्रधानमंत्री मोदी के इजराइल दौरे को विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने ‘रिच और प्रोडक्टिव’ बताया है। उन्होंने कहा कि 24 घंटे से कुछ अधिक समय की यह यात्रा छोटी जरूर थी,लेकिन उपलब्धियों के लिहाज से बेहद समृद्ध रही। विदेश सचिव ने कहा कि यह दौरा प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के निमंत्रण पर हुआ और इससे भारत-इजराइल संबंधों को नई दिशा मिली है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा प्रधानमंत्री मोदी की उस व्यापक रणनीति का हिस्सा है,जिसके तहत वे पश्चिम एशिया के देशों के साथ भारत के रिश्तों को सक्रिय रूप से मजबूत कर रहे हैं।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply