नई दिल्ली, 25 फरवरी 2026। भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किए बिना विदेश यात्राएं करने और भारत विरोधी और पाकिस्तान समर्थक तत्वों से करीबी संबंध रखने का आरोप लगाया। नबीन ने विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर एक समझौते वाले मिशन पर होने का आरोप लगाया,जिसकी शुरुआत उनके परदादा और पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने की थी और जो पीढि़यों से जारी है। भाजपा अध्यक्ष की ये टिप्पणियां पिछले सप्ताह दिल्ली में एआई शिखर सम्मेलन में भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा ‘पीएम समझौता कर चुके हैं’ के नारे के साथ किए गए शर्टलेस विरोध प्रदर्शन को लेकर उठे विवाद के बीच आई हैं। यह नारा अमेरिका के साथ प्रस्तावित व्यापार समझौते की ओर इशारा था। एक महीने पहले भाजपा अध्यक्ष बने 45 वर्षीय नितिन नबीन ने पत्रकारों से कहा, आज मैं नेहरू-गांधी परिवार के उस समझौते वाले मिशन को उजागर करना चाहता हूं, जिसने निजी लाभ के लिए राष्ट्रीय हितों का सौदा कर लिया है। मैं राहुल गांधी को बेनकाब करना चाहता हूं, जो एक बब्बर शेर की तरह इतरा रहे हैं। नबीन ने नेहरू द्वारा कथित तौर पर देश की बढ़ती आबादी को बोझ बताने और 1962 में चीन के साथ हुए युद्ध में मिली हार का मुद्दा उठाया और इंदिरा गांधी पर 1971 में पाकिस्तान को हराने के बाद पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को छोड़ देने का आरोप लगाते हुए इसे समझौतावादी मिशन के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur