कोलकाता,25 फरवरी 2026। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कोलकाता में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और साथ ही भारत निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग गुप्त रूप से 1.20 करोड़ वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास कर रहा है। दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर स्थित जैन समुदाय के पवित्र स्मारक ‘मान स्तंभ’ के उद्घाटन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि लोकतंत्र गंभीर संकट के दौर से गुजर रहा है। उनका आरोप था कि उच्चतम न्यायालय के आदेशों का भी पालन नहीं किया जा रहा है और सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि यह लड़ाई केवल किसी एक दल के समर्थकों की नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की है। उन्होंने कहा कि चाहे नाम तृणमूल कांग्रेस,भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) या कांग्रेस के समर्थकों के हों, किसी भी नागरिक के संवैधानिक अधिकारों से खिलवाड़ स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि वह न्याय की प्रार्थना कर रही हैं और लोगों को अनावश्यक उत्पीड़न से बचाने की अपील करती हैं। अपने विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर को ‘मिनी भारत’ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग पीढि़यों से सौहार्दपूर्वक रहते आए हैं। दुर्गा पूजा,क्रिसमस और ईद जैसे सभी पर्वों में हर समुदाय की भागीदारी इस क्षेत्र की परंपरा और संस्कृति को दर्शाती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur