Breaking News

सूरजपुर@ वार्ड 11 में Z+ अंदाज़! पार्षद पति की ‘वीआईपी एंट्री’ ने खड़े किए सुरक्षा पर सवाल

Share

  • मंत्री वाली सुरक्षा या फोटो का फ्रेम?सूरजपुर में वायरल तस्वीर पर सियासी चर्चा
  • लाल झंडा, सशस्त्र गार्ड और पार्षद पति आगे—सूरजपुर की तस्वीर ने बढ़ाया सियासी तापमान
  • सुरक्षा किसकी, शो किसका? वार्ड स्तर पर मंत्री स्टाइल एंट्री
  • वार्ड 11 से निकली वीआईपी चाल:सुरक्षा प्रोटोकॉल पर उठे सवाल
  • फोटो में मंत्री जैसा अंदाज़,हकीकत क्या है?सूरजपुर में वायरल तस्वीर पर बहस
  • सियासत का नया फ्रेम:पार्षद पति के पीछे सशस्त्र सुरक्षा,सोशल मीडिया में तंज


-ओंकार पाण्डेय-
सूरजपुर,22 फरवरी 2026(घटती-घटना)।
सूरजपुर की राजनीति इन दिनों विकास,बजट या योजनाओं से नहीं,बल्कि एक फोटो से गरमाई हुई है, तस्वीर में नगर पालिका वार्ड क्रमांक 11 के पार्षद पति आत्मविश्वास भरी चाल में आगे बढ़ते दिखते हैं—काला चश्मा,सधी हुई चाल—और पीछे दो सशस्त्र सुरक्षा कर्मी,जैसे किसी बड़े प्रोटोकॉल का हिस्सा हों, बस फिर क्या था—सोशल मीडिया ने इसे वार्ड लेवर्ल Z+ सुरक्षा घोषित कर दिया।
दृश्य ऐसा…जैसे मंत्री आगमन हो…
फोटो में पीछे खड़ी गाड़ी पर लाल झंडा भी दिखाई देता है,सुरक्षा कर्मियों के पास राइफल और वायरलेस सेट साफ नजर आ रहे हैं,दृश्य ऐसा कि आम नागरिक को लगे—लगता है कोई कैबिनेट स्तर का दौरा है! सूत्रों की फुसफुसाहट कहती है कि ये सुरक्षा कर्मी राज्य की लक्ष्मी राजवाड़े (महिला एवं बाल विकास विभाग) की सुरक्षा ड्यूटी से जुड़े बताए जाते हैं,यदि ऐसा है, तो व्यंग्य का तीर सीधा सवाल पर जा लगता है—मंत्री की सुरक्षा,लेकिन फ्रेम में पार्षद पति?
सुरक्षा किसकी,जिम्मेदारी किसकी?यहाँ तीन संभावनाएँ चर्चा में हैं:
कार्यक्रम स्थल की सामान्य तैनाती
संभव है कि किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में मंत्री की मौजूदगी रही हो और सुरक्षा कर्मी पूरे परिसर में तैनात रहे हों, ऐसे में फोटो का एंगल भ्रम पैदा कर सकता है।
फ्रेम का कमाल
कभी-कभी कैमरा वही दिखाता है, जो कहानी बन सके, सुरक्षा कर्मी पीछे खड़े हों और आगे कोई भी व्यक्ति हो—फोटो “वीआईपी एंट्री” का भ्रम पैदा कर देती है।
विशेष सुरक्षा?
यदि वास्तव में किसी गैर-पदाधिकारी को मंत्री-स्तर की सुरक्षा दी गई हो, तो उसका आधिकारिक आदेश होना चाहिए, बिना प्रशासनिक स्वीकृति ऐसा संभव नहीं।
नियम क्या कहते हैं?- सुरक्षा व्यवस्था खतरे के आकलन और शासन के आदेश पर आधारित होती है, मंत्री, विधायक या संवेदनशील पदों पर बैठे व्यक्तियों को निर्धारित श्रेणी की सुरक्षा दी जाती है, नगर निकाय के पार्षद या उनके परिजन सामान्यतः इस श्रेणी में नहीं आते, ऐसे में सवाल उठता है—क्या यह दृश्य केवल एक संयोग है, या सुरक्षा प्रोटोकॉल की व्याख्या का नया अध्याय?
सोशल मीडिया का व्यंग्य-
अब वार्ड पार्षद पति को भी एस्कॉर्ट मिलेगा!”
“लाल बत्ती की कमी रह गई बस”
“सूरजपुर में सुरक्षा का लोकतंत्रीकरण!” व्यंग्य भले चुभता हो, पर वह सवाल भी उठाता है।

प्रशासन से अपेक्षित स्पष्टता- जनता जानना चाहती है: उस दिन कार्यक्रम में कौन उपस्थित था? सुरक्षाकर्मी किस ड्यूटी चार्ट पर थे? क्या कोई विशेष सुरक्षा आदेश जारी हुआ था? जब तक इन सवालों पर आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आता, तब तक यह फोटो चर्चा और तंज का विषय बनी रहेगी।
फोटो से बड़ी है पारदर्शिता- एक तस्वीर राजनीति की पटकथा बदल सकती है—या कम से कम चर्चा जरूर छेड़ सकती है, सूरजपुर की यह वायरल तस्वीर भी शायद एक क्षण का दृश्य हो, या स्थानीय सत्ता समीकरणों की झलक, पर लोकतंत्र में सवाल पूछना गुनाह नहीं, सवाल यही है— यह सुरक्षा असली थी, संयोग था, या सिर्फ फ्रेम की कहानी? जब तक जवाब नहीं आता, तब तक वार्ड 11 की यह “वीआईपी चाल” चर्चा का केंद्र बनी रहेगी।


    Share

    Check Also

    GHATATI-GHATANA PAPER PDF 13 JUNE 2026

    Share 13 JUNE 2026 AMBIKAPUR GG NEWS PAPER1 11Download Share

    Leave a Reply