-संवाददाता-
अम्बिकापुर,12 जून 2026 (घटती-घटना)। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा के बीच स्वदेशी आधारित आर्थिक मॉडल पर मंथन के लिए स्वदेशी जागरण मंच का दो दिवसीय प्रांतीय विचार वर्ग 13 एवं 14 जून को अंबिकापुर के माखन विहार में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेशभर से लगभग 150 प्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। स्वदेशी जागरण मंच सरगुजा के संभाग संयोजक राजकिशोर चौधरी ने बताया कि विचार वर्ग में देश के प्रख्यात अर्थशास्त्री एवं स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय सह-संयोजक अश्वनी महाजन तथा क्षेत्र प्रमुख प्रतिनिधि सुधीर दाते का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। दोनों विषय विशेषज्ञ वर्तमान वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, भारतीय अर्थव्यवस्था की चुनौतियों तथा स्वदेशी मॉडल की संभावनाओं पर अपने विचार रखेंगे। दो दिवसीय आयोजन में ‘अर्थव्यवस्था में स्वदेशी’ विषय को केंद्र में रखते हुए विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें आर्थिक आत्मनिर्भरता, स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा, स्वदेशी उद्योगों के संरक्षण और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के बीच भारतीय आर्थिक मॉडल की प्रासंगिकता जैसे विषयों पर चर्चा होगी। कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण स्थानीय व्यापारियों एवं उद्योग जगत से जुड़े प्रबुद्धजनों के साथ संवाद सत्र रहेगा। इस दौरान क्षेत्रीय आर्थिक विकास, रोजगार सृजन और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। विचार वर्ग के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में अंबिकापुर विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में स्वदेशी जागरण मंच के प्रांत संयोजक जगदीश पटेल, प्रांत संपर्क प्रमुख शुभव्रत चाकी सहित प्रदेश एवं संभाग स्तर के पदाधिकारी भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ 13 जून को प्रातः 10ः30 बजे होगा तथा विभिन्न विषयगत सत्रों के बाद इसका समापन 14 जून को सायंकाल किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार यह विचार वर्ग प्रदेश में स्वदेशी चिंतन को मजबूत करने तथा आर्थिक विषयों पर व्यापक संवाद का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur