Breaking News

अम्बिकापुर/पटना@विवाहिता की मौत के बाद विवाद,पिता ने पति पर लगाया जबरन जहर खिलाने का आरोप

Share

  • इलाज के दौरान निजी अस्पताल में तोड़ा दम,
  • पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर शुरू की जांच


-संवाददाता-
अम्बिकापुर/पटना,12 जून 2026 (घटती-घटना)। कोरिया जिले की एक विवाहिता की कीटनाशक सेवन से मौत हो गई। उसका इलाज अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। मामले में मृतका के पिता ने दामाद पर मारपीट कर जबरन जहर खिलाने का आरोप लगाया है, जबकि पति का कहना है कि पत्नी ने विवाद के बाद स्वयं कीटनाशक का सेवन किया था। मेडिकल कॉलेज अस्पताल सहायता केंद्र पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लेडुआ निवासी आरती साहू (25) की शादी वर्ष 2021 में दिनेश साहू से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। पति दिनेश साहू ने पुलिस को बताया कि 10 मई को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद आरती ने गुस्से में आकर कीटनाशक पी लिया। तबीयत बिगडऩे पर उसे तत्काल सूरजपुर जिला अस्पताल ले जाया गया,जहां से प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं मृतका के पिता हंश साहू ने घटना को लेकर अलग आरोप लगाए हैं।
उनका कहना है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाली रात उनके दामाद का फोन आया था, जिसमें उसने बेटी को अपने साथ ले जाने की बात कही थी। पिता के अनुसार जब वे घर से निकलने की तैयारी कर रहे थे, तब दोबारा फोन कर बताया गया कि आरती ने जहर खा लिया है और उसे अस्पताल ले जाया जा रहा है।
’होश आने पर बेटी ने बताई मारपीट की बात’
मृतका के पिता का दावा है कि सूरजपुर अस्पताल में इलाज के दौरान रात करीब एक बजे आरती को होश आया था। इस दौरान उसने बताया कि भोजन को लेकर विवाद हुआ था और पति ने मारपीट कर जबरन जहर पिला दिया। इसके बाद उसकी हालत फिर बिगड़ गई और डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया। निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

रायपुर@पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि,अन्याय पर होगा प्रदेशव्यापी विरोध:प्रेस एंड मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन

Share रायपुर में प्रदेश स्तरीय बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार और पत्रकार एकजुटता पर बनी रणनीति …

Leave a Reply