जालंधर,12 जून 2026। हिम्मत, हौसला और जुनून हो तो सपनों की उड़ान अमीरी-गरीबी कभी नहीं देखती। वह सिर्फ मेहनत और लगन का साथ देती है। जालंधर के राम नगर में छोले-कुलचे की छोटी-सी रेहड़ी लगाने वाले होती राम के बेटे अर्जुन राजपूत ने इस बात को जीवंत उदाहरण बनाकर साबित कर दिया है। अर्जुन का चयन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में हो गया है। जब अगले महीने 4 जुलाई को टीम श्रीलंका दौरे पर रवाना होगी,जहां यह जालंधर का लड़का देश की नीली जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेगा। परिवार ने उम्मीद जताई है कि घर का लाल,मैदान पर टीम इंडिया के लिए काफी रन के साथ विकेट भी चटकाएगा। अर्जुन लेफ्ट-हैंड बल्लेबाज और राइट-आर्म ऑफ स्पिनर है। अर्जुन ने क्रिकेट की शुरुआत हरभजन सिंह क्रिकेट अकादमी से की थी। सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने कभी हार नहीं मानी। कोच विक्रम सिद्धू का पूरा साथ मिलता रहा, जिसने उनके हौसले को और मजबूत किया। टीम इंडिया में सिलेक्शन पाने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान अर्जुन राजपूत ने कहा कि मैंने 8-9 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था। इस मुकाम तक पहुंचकर बहुत खुशी हो रही है। श्रीलंका में हमारे शुरुआती मैच होंगे। हम देश का प्रतिनिधित्व करेंगे और पूरी कोशिश करेंगे कि अच्छा प्रदर्शन करें, सारे मैच जीतें और ट्रॉफी भारत लाएं। मां-पिता और परिवार ने हमेशा मेरा साथ दिया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur