4 गंभीर झुलसे,पॉलीथीन में ले जाने पड़े शव,मैनेजर हिरासत में,फैक्ट्री सीज

भिवाड़ी,16 फरवरी 2026। राजस्थान के भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में अचानक तेज धमाका हुआ। इसमें 8 मजदूर जिंदा जल गए, जबकि 4 गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें दिल्ली एम्स रेफर किया गया है। शव बुरी तरह जल गए थे। कई शवों के कंकाल भर बचे थे। बॉडी पार्ट्स के टुकड़े बिखरे मिले। रेस्क्यू टीम ने इन टुकड़ों को पॉलीथीन में इकट्ठा किया। हादसा खुशखेड़ा कारौली इंडस्टि्रयल एरिया में सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुआ। फैक्ट्री मैनेजर अभिनंदन को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। फैक्ट्री को सीज कर दिया है। तीन मृतकों की पहचान बिहार के मोतिहारी जिले के मिंटू,नितेश और सुजान के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान के लिए उनके परिजनों का डीएनए सैंपल लिया जाएगा। इस फैक्ट्री में अवैध रूप से पटाखे बनाए जा रहे थे। मौके से बारूद, पटाखे और पैकिंग के डिब्बे मिले हैं। घटना के समय करीब 25 मजदूर काम कर रहे थे। कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने कहा- देखकर लग रहा है कि छोटा एक्सप्लोसिव मटेरियल था। गैस रिसाव नहीं था। एडीएम सुमिता मिश्रा के अनुसार, फैक्ट्री मालिक का नाम राजेंद्र है। उन्होंने किसी तिवारी को यह फैक्ट्री लीज पर दी थी। दोनों से संपर्क नहीं हो पाया है।
फैक्ट्री को किया सील : फैक्ट्री को सील कर दिया गया है। मौके पर अब केवल तहसीलदार मौजूद है। मरने वालों के परिजनों को थाने लाया गया है,जहां पुलिसकर्मी उनकी देखभाल कर रहे हैं। कलेक्टर-एसपी सहित सभी अधिकारी मौके से निकल चुके हैं। जांच के निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी।
मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे मंत्री-विधायक : मंत्री संजय शर्मा और तिजारा विधायक बालकनाथ ने मृतकों के परिजनों से मिलने पहुंचे,लेकिन परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
उन्हें किसी की सुध नहीं है। ऐसे में वे न तो नेताओं से मिल पाने की स्थिति में है, न ही कुछ बोलने की।
सभी फैक्टि्रयों की जांच होगी
खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर अर्तिका शुक्ला ने 7 दिन में सभी फैक्टि्रयों और औद्योगिक इकाइयों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा- जांच में यह देखा जाएगा कि औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा के नियम सही तरह से लागू हो रहे हैं या नहीं। इस दौरान वहां चल रही गतिविधियों, आग से बचाव के इंतजाम, जरूरी सरकारी अनुमति और मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को बारीकी से देखा जाएगा।
फैक्ट्री मैनेजर को पुलिस ने थाने बुलाकर हिरासत में लिया
पुलिस सुबह से फैक्ट्री मालिक और मैनेजर से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी। काफी कोशिश के बाद फैक्ट्री के मैनेजर अभिनंदन से फोन पर बात हो पाई। अब पुलिस ने उसे थाने बुलाने के बाद हिरासत में ले लिया है। पुलिस फैक्ट्री मैनेजर से पूछताछ कर रही है।
तीन मृतकों की पहचान हुई
8 मृतकों में से 3 की पहचान हो गई है। ये तीनों मिंटू,नितेश और सुजान बिहार के मोतिहारी जिले के रहने वाले थे। इसके अलावा 4 मजदूरों अनूप कुमार, जुन्नु, विवेक कुमार और मन्नू को एम्स रेफर किया गया है। बाकी शव इतनी बुरी तरह जल गए है कि पहचान डीएनए जांच के बाद ही संभव हो पाएगी।
मंत्री बोले-गैरकानूनी तरीके से बनाए जा रहे थे पटाखे
मंत्री संजय शर्मा ने कहा-यह गारमेंट जोन है, यहां दूसरा व्यवसाय नहीं हो सकता, लेकिन गैरकानूनी तरीके से पटाखे बनाने का काम गेट पर ताले लगाकर किया जा रहा था। मृतकों की पहचान डीएनए से कराई जा रही है। अधिकतर मजदूर बिहार के बताए जा रहे हैं। खैरथल-तिजारा जिला कलेक्टर बिहार के मोतिहारी जिले के कलेक्टर से लगातार संपर्क में हैं। राज्य सरकार ने एक कमेटी गठित की है। जिला प्रशासन, खासकर रीको को निर्देशित किया गया है। पूरे भिवाड़ी और खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया जाएगा। फैक्ट्री जिस काम के लिए रजिस्टर्ड है, उसके अलावा कोई अन्य काम होता पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने कलेक्टर-एसपी को जांच के निर्देश दिए
वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री संजय शर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। मंत्री ने खैरथल-तिजारा कलेक्टर अर्तिका शुक्ला और एसपी मनीष कुमार को मामले में जांच के निर्देश दिए। साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की।
प्रत्यक्षदर्शी बोले- फैक्ट्री के गेट पर ताला रहता था
पास की फैक्ट्री के कर्मचारी सुरेश कुमार ने बताया- अचानक धमाका होते ही आग लग गई। पुलिस और फायर ब्रिगेड आने के बाद हमें बाहर निकाल दिया। फैक्ट्री लगभग डेढ़-दो महीने से चल रही थी। यहां पटाखे बनते थे, लेकिन अंदर किसी को जाने नहीं दिया जाता था। गेट पर हमेशा ताला लगा रहता था।
एडीएम बोलीं- फैक्ट्री मालिक से संपर्क नहीं हो पाया
एडीएम सुमिता मिश्रा ने बताया- फैक्ट्री मालिक का नाम राजेंद्र बताया जा रहा है। उन्होंने किसी तिवारी को फैक्ट्री लीज पर दी थी। दोनों से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन नहीं हो पाया। मैनेजर अभिनंदन से बात हुई है।
प्रधानमंत्री ने राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना पर जताया दुःख
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना पर दुख जताया। उन्होंने पीडि़त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर दःुख व्यक्त करते हुए लिखा कि राजस्थान के भिवाड़ी में आग लगने की घटना अत्यंत दुःखद है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि, राजस्थान के भिवाड़ी के खुशखेड़ा करौली औद्योगिक क्षेत्र स्थित प्लॉट संख्या जी1/118बी में सोमवार सुबह अग्निकांड की घटना सामने आई, जहां संचालित एक निजी औद्योगिक इकाई में अचानक आग लग गई।
सीएम भजनलाल ने कहा…राहत, बचाव कार्य के निर्देश दिए गए…
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा…जिला प्रशासन को राहत व बचाव कार्य के निर्देश दिए हैं। भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री में आग लगने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। जिला प्रशासन को राहत व बचाव कार्य के लिए निर्देशित किया है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।…
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा- दुखद घटना
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा- भिवाड़ी केमिकल फैक्ट्री में आग की घटना दुखद है। भिवाड़ी (खैरथल-तिजारा) में एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लगने से 7 व्यक्तियों की मृत्यु बेहद पीड़ादायक एवं दुखद है। ईश्वर से प्रार्थना है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में कम से कम जनहानि हो। प्रभु दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं घायलों को शीघ्र…—
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur