Breaking News

नई दिल्ली@महाशिवरात्रि…12 ज्योतिर्लिंग समेत सभी शिवालयों में दर्शन-पूजा हुई

Share


महाकालेश्वर में 4 लाख से अधिक श्रृद्धालु पहुंचे,रतलाम का गढ़ कैलाश मंदिर 11 लाख नोटों से सजा
नई दिल्ली,15 फरवरी 2026। देशभर में महाशिवरात्रि पर्व मनाया गया। 12 ज्योतिर्लिंग और शिव मंदिरों में आधी रात से ही दर्शन-पूजन करने के लिए भक्त पहुंचे। महाकालेश्वर मंदिर में 10 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। महाकाल मंदिर के पट रात 2.30 बजे से खुले हैं। शाम 5 बजे तक करीब 4 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके। 16 फरवरी को दोपहर 12 बजे साल में एक बार होने वाली भस्म आरती भी होगी। महाकाल का दूल्हे के रूप में शृंगार करने के लिए 3 क्विंटल फूल मंगाए गए हैं। 100 किलो आंकड़े के फूल,सवा लाख बेल पत्र, 200 किलो देसी फूल से बना 11 फुट का सेहरा बनाया जाएगा। मध्यप्रदेश के खंडवा में ओंकारेश्वर मंदिर को रात 3 बजे से दर्शन के लिए खोला गया है। यहां 24 घंटे तक लगातार दर्शन पूजन किया जाएगा। एमपी के रतलाम में बने गढ़ कैलाश महादेव मंदिर में 11 लाख रुपए के नोटों से भगवान का शृंगार और सजावट की गई है। 10 के सिक्कों से तोरण बनाए गए हैं। वहीं, काशी के विश्वनाथ मंदिर में रात 2ः15 बजे मंगला आरती की गई। 3ः30 बजे मंदिर दर्शन के लिए खुल गया। यहां रात से भक्तों की लंबी लाइन लगी है। झारखंड के देवघर में बाबाधाम मंदिर में शनिवार को पंचशूलों की विशेष पूजा हुई। मंदिर के शिखरों पर पंचशूलों की पुर्नस्थापना के बाद बाबा बैद्यनाथ-माता पार्वती का गठबंधन हुआ।
हिमाचल प्रदेशः कांगड़ा के बैजनाथ मंदिर में भक्तों की भीड़
महाशिवरात्रि के लिए बैजनाथ मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। भक्त भगवान शिव और देवी पार्वती के मिलन का जश्न बहुत खुशी और उत्साह के साथ मना रहे हैं।
ओडिशाः भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर में भक्तों की भीड़
ओडिशा में भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर, कटक के धबलेश्वर मंदिर, ढेंकनाल के कपिलाश मंदिर,भद्रक के अखंडलमनी मंदिर,बालासोर के चंदनेश्वर,संबलपुर के हुमा मंदिर,पुरी के लोकनाथ मंदिर,गजपति के महेंद्रगिरी,बोलनगीर के हरिशंकर मंदिर और कोरापुट जिले के गुप्तेश्वर में भक्तों की भारी भीड़ है।
मध्य प्रदेश : मंदसौर में
भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन करने भक्तों की भीड़

मंदसौर का पशुपतिनाथ लोक इन दिनों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। महाशिवरात्रि के अवसर पर यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं और परिसर की भव्यता व सुंदरता को निहार रहे हैं। सुसज्जित मार्ग,आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और धार्मिक वातावरण श्रद्धालुओं को विशेष रूप से आकर्षित कर रहा है। दर्शन के साथ-साथ लोग यहां की कलात्मक संरचनाओं और आध्यात्मिक माहौल का आनंद ले रहे हैं। शाम के समय रोशनी से सजा पशुपतिनाथ लोक और भी मनमोहक दिखाई देता है।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply