175 से अधिक बेजा कब्जा हटाने का मुद्दा गरमाया सदन की कार्यवाही ठप,धरने पर बैठे कांग्रेस पार्षद
बिलासपुर,13 फरवरी 2026। नगर पालिक निगम बिलासपुर की सामान्य सभा में जमकर हंगामा हुआ। लिंगियाडीह क्षेत्र में 175 से अधिक बेजा कब्जा हटाए जाने के मामले ने सभा का माहौल गर्म कर दिया। सामान्य सभा के दौरान वार्ड पार्षद दिलीप पाटिल ने लिंगियाडीह के प्रभावित परिवारों का मुद्दा सदन में उठाया। इस पर सत्ता पक्ष के पार्षदों ने विरोध जताया, जिसके चलते दोनों पक्षों में तीखी बहस शुरू हो गई। हंगामा इतना बढ़ गया कि सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी। मामले को लेकर कांग्रेसी पार्षदों ने लखीराम ऑडिटोरियम के मुख्य गेट पर धरना शुरू कर दिया। लिंगियाडीह के प्रभावित लोग भी बड़ी संख्या में धरने में शामिल हुए। कांग्रेसी भी प्रदर्शन में शामिल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने निगम प्रशासन पर पुनर्वास के वादे से मुकरने का आरोप लगाया। बता दें कि वार्ड क्रमांक 47 के लोग पिछले 84 दिनों से धरने पर बैठे हैं। उनकी मांग है कि जहां से उन्हें हटाया गया है, वहीं पुनर्वास किया जाए।
क्या है मामला : लिंगियाडीह क्षेत्र में हाल ही में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के तहत 175 से अधिक निर्माण हटाए गए थे। प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे वर्षों से वहां रह रहे थे और बिना वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें बेदखल कर दिया गया। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई नियमों के तहत की गई है और पुनर्वास को लेकर शासन स्तर पर निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल, नगर पालिक निगम बिलासपुर की सामान्य सभा हंगामे के साये में जारी है और लिंगियाडीह का मुद्दा शहर की राजनीति का केंद्र बन गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur