Breaking News

नई दिल्ली@आतंकवाद पर कोई डबल स्टैंडर्ड नहीं…तमिल भाषा भारत-मलेशिया को जोड़ती है : पीएम मोदी

Share


नई दिल्ली,08 फरवरी 2026। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 2026 की पहली विदेश यात्रा भारत और मलेशिया के बीच‘व्यापक रणनीतिक साझेदारी’को नई ऊंचाइयों पर ले जाने वाली साबित हुई है। प्रधानमंत्री मोदी और मलेशिया के प्रधानमंत्री महामहिम दातो सेरी अनवर इब्राहिम के बीच रविवार को पुत्राजाया स्थित पर्दाना पुत्र परिसर में प्रतिनिधिमंडल स्तर की सार्थक वार्ता हुई। वार्ता के बाद दोनों नेताओं की मौजूदगी में कुल 11 महत्वपूर्ण दस्तावेज और समझौतों का आदान-प्रदान किया गया। इनमें डिजिटल भुगतान और सुरक्षा सहयोग,सेमी कंडक्टर विकास और स्वास्थ्य एवं चिकित्सा,भ्रष्टाचार निवारण और आपदा प्रबंधन, भारतीय कामगारों के लिए सामाजिक सुरक्षा तथा तकनीकी शिक्षा और मलेशिया का अंतरराष्ट्रीय बिग कैट एलायंस में शामिल होना है। पीएम मोदी ने आतंकवाद पर अपना रुख कड़ा किया। उन्होंने कहा,‘आतंकवाद के बारे में हमारा संदेश बहुत स्पष्ट है, कोई दोहरा मापदंड नहीं,कोई समझौता नहीं। भारत और मलेशिया आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम करेंगे।’ पीएम मोदी ने प्रेस ब्रीफिंग के दौरान तमिल भाषा की अहमियत पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि तमिल भाषा के प्रति साझा प्रेम भारत और मलेशिया को जोड़ता है।
मोदी ने ऑडियो-विजुअल समझौते का जिक्र करते हुए कहा, ‘मुझे पूरा विश्वास है कि आज हुए ऑडियो-विजुअल समझौते के साथ फिल्में और संगीत, खासकर तमिल फिल्में, हमारे दिलों को और करीब लाएंगी।’ पीएम मोदी ने मलेशियाई पीएम को अपना दोस्त बताया।
मोदी बोले…भारतीय श्रमिकों की सुरक्षा के लिए इंतजाम किए
नरेंद्र मोदी ने कहा…‘मलेशिया में भारतीय श्रमिकों की सुरक्षा के लिए सोशल सिक्योरिटी एग्रीमेंट, मुफ्त ई-वीजा,और पर्यटन के लिए यूपीआई डिजिटल इंटरफेस जैसी व्यवस्थाएं दोनों देशों के नागरिकों के जीवन को सरल बनाएंगी।’ उन्होंने कहा कि किसी भी साझेदारी को सफल तभी माना जाता है,जब उसका लाभ सीधे लोगों तक पहुंचे।
पीएम मोदी ने 10 वें
सीईओ फोरम में भाग लिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 वें भारत-मलेशिया सीईओ फोरम के दौरान मलेशिया के चार प्रमुख उद्योगपतियों के साथ बातचीत की। उन्होंने पेट्रोनास के अध्यक्ष और ग्रुप सीईओ तन श्री तेंगकु मुहम्मद तौफिक,बर्जया कॉर्पोरेशन बर्हाद के संस्थापक तन श्री दातो’ सेरी विंसेंट,खजानाह नेशनल बर्हाद के डायरेक्टर दातो’ अमीरुल फैसल वान जाहिर और फाइसन इलेक्ट्रॉनिक्स के संस्थापक दातो पुआ खेइन सेंग से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने भारत और मलेशिया के बीच बढ़ते कारोबारी संबंधों की सराहना की और मलेशियाई कंपनियों में भारत की विकास यात्रा के प्रति गहरी रुचि देखकर प्रसन्नता जताई।
मोदी बोले…तमिल भाषा मलेशिया
की सांस्कृतिक जीवन का हिस्सा

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा…‘तमिल भाषा के प्रति साझा प्रेम भारत और मलेशिया को जोड़ता है। मलेशिया में तमिल भाषा की मजबूत और जीवंत उपस्थिति शिक्षा, मीडिया और सांस्कृतिक जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। मुझे पूरा विश्वास है कि आज हुए ऑडियो-विजुअल समझौते के साथ फिल्में और संगीत, खासकर तमिल फिल्में, हमारे दिलों को और करीब लाएंगी।’ प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव पर जोर दिया और तमिल भाषा और तमिल सिनेमा को लोगों के बीच भावनात्मक निकटता बढ़ाने का जरिया बताया। उन्होंने कहा कि यह समझौता फिल्म और संगीत के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देगा, जिससे भारत-मलेशिया के संबंध और अधिक गहरे होंगे।
मलेशिया ने भारत सरकार के दूतावास खोलने के फैसले का स्वागत किया
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने कहा, ‘मैं इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। उन्होंने पूरी दुनिया में शांति प्रयासों के लिए जो प्रतिबद्धता दिखाई है, वह सराहनीय है। चाहे वह यूक्रेन-रूस संघर्ष हो या मध्य पूर्व का मामला, खासकर गाजा में।’ उन्होंने आगे कहा, ‘भारत सरकार ने साबाह राज्य के कोटा किनाबालू में भारत का वाणिज्य दूतावास (कॉन्सुलेट) खोलने का निर्णय लिया है। मैंने इस निर्णय का पूरा समर्थन किया है।’


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply