टीएमसी घुसपैठियों को वोटर बना रही,इन्हें बसाकर गरीबों का हक छीना जा रहा,भाजपा इन्हें देश से निकालेगी : पीएम मोदी
कोलकाता,17 जनवरी 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन स्टेशन से हावड़ा और गुवाहाटी (कामाख्या) के बीच चलने वाली भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही, उन्होंने यहां से गुवाहाटी-हावड़ा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की वापसी को डिजिटल रूप से हरी झंडी भी दिखाई। इस मौके पर, प्रधानमंत्री ने ट्रेन के अंदर बच्चों और स्कूल छात्रों से भी बातचीत की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में 3,250 करोड़ रुपये से अधिक के रेल और सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने उत्तर बंगाल के न्यू जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार को भारत के अन्य हिस्सों से जोड़ने वालीं चार अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को आधुनिक भारत की बढ़ती परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। यह ट्रेन पूरी तरह से एयर-कंडीशन्ड होगी। इसमें यात्रियों को कम दाम में फ्लाइट जैसा यात्रा अनुभव’ मिलेगा। बयान में कहा गया, ‘यह ट्रेन लंबी दूरी की यात्रा को तेज,सुरक्षित और सुविधाजनक बनाएगी। पश्चिम बंगाल के मालदा में शनिवार को पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल के सामने एक बड़ी चुनौती घुसपैठ की है। बंगाल के कई इलाकों में आबादी का संतुलन बिगड़ रहा है। टीएमसी घुसपैठियों को वोटर बना रही। गरीबों का हक छीना जा रहा है। भाजपा सरकार बनते ही घुसैपठियों पर एक्शन लिया जाएगा। आयुष्मान भारत योजना पर बात करते हुए पीएम ने कहा कि टीएमसी वालों को आपकी तकलीफ की कोई चिंता नहीं है। यहां आयुष्मान योजना लागू नहीं होने दी गई है। ऐसी पत्थर दिल सरकार की बंगाल से विदाई जरूरी है।
पूर्वी भारत के लोगों का विश्वास भाजपा के नाम : मोदी
हमारा देश 2047 तक विकसित होने पर काम कर रहा है। इसलिए लिए पूर्वी भारत का विकास होना जरूरी है। पूर्वी भारत को दशकों तक नफरत करने वालों ने जकड़ रखा था। भाजपा ने नफरत की राजनीति करने वालों से पूर्वी भारत को मुक्त किया है। पूर्वी भारत के लोगों का विश्वास भाजपा के नाम है। उनका विश्वास भाजपा के साथ है।
पत्थरदिल सरकार की बंगाल से विदाई जरूरी : मोदी
टीएमसी वालों को आपकी तकलीफ की कोई चिंता नहीं है। वो अपनी तिजोरी भरने में जुटे हैं। मैं चाहता हूं कि देश की तरह बंगाल के गरीबों को 5 लाख का मुफ्त इलाज मिले, यहां आयुष्मान भारत योजना लागू हो। बंगाल देश का एक मात्र ऐसा राज्य है। यहां ये योजना लागू नहीं होने दी गई है। ऐसी पत्थर दिल सरकार,ऐसी निर्मम सरकार की बंगाल से विदाई जरूरी है।
बंगाल की हर दिशा में सुशासन की सरकार : मोदी
कुछ दिन पहले बिहार में बीजेपी-एनडीए की सरकार बनी है। यानी बंगाल की हर दिशा में बीजेपी के सुशासन की सरकार है। अब बंगाल की बारी है। इसलिए बिहार चुनाव की जीत के बाद मैंने कहा था- मां गंगा के आर्शीवाद से अब बंगाल में भी विकास की गंगा बहेगी। बीजेपी ये काम करके रहेगी।
बंगाल के सामने एक बड़ी चुनौती घुसपैठ की है : मोदी
आप देखिए दुनिया के जो विकसित देश हैं, समृद्ध देश हैं,जिन्हें पैसों की कमी नहीं, वे भी घुसपैठियों को निकाल रहे हैं। प.बंगाल में भी घुसपैठियों को बाहर करना जरूरी है। एक एक घुसपैठिए को निकालना जरूरी है। टीएमसी के रहते ये संभव नहीं है। ये जमीन-हक,बहन-बेटियों की रक्षा नहीं करेंगे। इन्हें सत्ता से बाहर निकालना चाहिए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur