ऑटो ड्राइवर को घर लौटते वक्त मारा चाकू
ढाका,13 जनवरी 2026। बांग्लादेश के चटगांव डिवीजन के फेनी जिले के दागनभुइयां में अज्ञात हमलावरों ने 28 वर्षीय हिंदू युवक समीर कुमार दास की चाकू और देसी हथियारों से पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसका ऑटोरिक्शा लूट लिया। पुलिस के अनुसार, हत्या सुनियोजित लग रही है और जांच जारी है, अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। यह पिछले 23 दिनों में हिंदू समुदाय के खिलाफ सातवीं हत्या की घटना है। इससे पहले 5 जनवरी को नरसिंदी जिले में 40 वर्षीय हिंदू दुकानदार शरत चक्रवर्ती मणि की धारदार हथियारों से हत्या हुई थी। 6 जनवरी को नाओगांव जिले में चोरी के आरोप में पीछा किए जाने पर 25 वर्षीय हिंदू युवक मिथुन सरकार नहर में कूद गया था, बाद में उसका शव बरामद हुआ। इसी बीच,जेल में बंद हिंदू गायक और सांस्कृतिक कार्यकर्ता प्रोलॉय चाकी की इलाज के अभाव में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। वे दिवंगत अभिनेता लक्ष्मी दास चाकी के पुत्र थे। 2024 के सत्तापलट के बाद बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदुओं पर हमले बढ़े हैं। हिंदू-बौद्ध-ईसाई एकता परिषद ने फरवरी में प्रस्तावित राष्ट्रीय चुनाव से पहले सांप्रदायिक हिंसा पर गंभीर चिंता जताई है। भारत ने भी इन घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि अल्पसंख्यकों पर बार-बार हो रहे हमले चिंताजनक हैं और इन्हें व्यक्तिगत रंजिश बताकर कमतर आंकना कट्टरपंथ को बढ़ावा देता है। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने हालांकि इन आरोपों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया बताया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur