नई दिल्ली,13 जनवरी 2026। महाराष्ट्र में स्थानीय चुनावों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मंगलवार को एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी है कि राज्य की 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के लिए पांच फरवरी को वोट डाले जाएंगे। वोट डालने के बाद जनता को नतीजों के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि अधिकारियों के मुताबिक, वोटों की गिनती 7 फरवरी को की जाएगी। यह घोषणा सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले के एक दिन बाद आई है, जिसमें कोर्ट ने स्थानीय निकाय चुनाव की प्रक्रिया पूरी करने की समय सीमा 31 जनवरी से दो हफ्ते बढ़ा दी थी। राज्य चुनाव आयुक्त (एसईसी) दिनेश वाघमारे ने एक प्रेस वार्ता में चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। इसके साथ ही आचार संहिता भी लागू हो गई है। चुनाव आयुक्त ने बताया कि नामांकन भरने की प्रक्रिया 16 जनवरी से शुरू होगी और 18 जनवरी तक चलेगी। कागजों की जांच 19 जनवरी को होगी। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 21 जनवरी है। इसके अगले दिन यानी 22 जनवरी को चुनाव चिन्ह बांटे जाएंगे और उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी होगी। वहीं वोटिंग 5 फरवरी को सुबह 7ः30 बजे शुरू होगी और शाम 5ः30 बजे तक चलेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur