Breaking News

नई दिल्ली@बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का 80 वर्ष की उम्र में निधन

Share


नई दिल्ली,30 दिसम्बर 2025। बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री और बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की अध्यक्ष खालिदा जिया का आज सुबह करीब 6 बजे 80 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे पिछले 20 दिनों से ढाका के एवरकेयर अस्पताल में वेंटिलेटर पर थीं। खालिदा जिया लंबे समय से सीने के गंभीर संक्रमण, लिवर और किडनी की बीमारी,डायबिटीज,गठिया और आंखों की समस्याओं से जूझ रही थीं। उनके परिवार और पार्टी नेताओं ने उनके निधन की पुष्टि की है। खालिदा जिया दो बार बांग्लादेश की प्रधानमंत्री रहीं पहली बार 1991 से 1996 और दूसरी बार 2001 से 2006 तक। वे बांग्लादेश के पूर्व राष्ट्रपति और बीएनपी के संस्थापक जियाउर रहमान की पत्नी थीं। उनके बड़े बेटे और बीएनपी के कार्यकारी अध्यक्ष तारिक रहमान हाल ही में 25 दिसंबर को लंदन से बांग्लादेश लौटे थे, जबकि उनके छोटे बेटे अराफात रहमान का 2015 में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो चुका है। गौरतलब है कि खालिदा जिया ने अपने निधन से एक दिन पहले ही, सोमवार को बोगुरा-7 सीट से चुनावी नामांकन दाखिल कराया था। उस समय उनकी हालत बेहद नाजुक थी और वे वेंटिलेटर पर थीं, इसके बावजूद बीएनपी ने उनके चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। बोगुरा-7 सीट का पार्टी के लिए विशेष महत्व है, क्योंकि इसी क्षेत्र में जियाउर रहमान का आवास रहा है और खालिदा जिया यहां से तीन बार चुनाव जीत चुकी थीं। खालिदा जिया के निधन पर बीएनपी ने सात दिनों के शोक की घोषणा की है।


Share

Check Also

प्रयागराज@प्रयागराज माघ मेले में आग लगी

Share फायरकर्मी-संतों ने डेढ़ घंटे में आग बुझाईप्रयागराज,13 जनवरी 2026। प्रयागराज माघ मेले में लगे …

Leave a Reply