कहा…धर्म का चोला पहनकर चंदा वसूली करने वाले ये लोग भाजपा के एजेंट…
बिलासपुर,30 दिसम्बर 2025 (ए)। कथावाचकों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाजपा पर फिर हमला बोला है। लिंगियाडीह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बघेल ने धीरेंद्र शास्त्री और पं. प्रदीप मिश्रा पर निशाना साधते हुए उन्हें धर्म का चोला पहनकर चंदा वसूली करने वाला बताया।
बघेल ने कहा कि यदि कथावाचन और धार्मिक आयोजन वास्तव में जनकल्याण के लिए हैं, तो चंदा लेना बंद किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ कथावाचक अंधविश्वास फैलाकर आस्था का व्यापार कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कथाओं और दिव्य दावों से हर समस्या का समाधान संभव है, तो फिर चंदा क्यों लिया जा रहा है?
डिप्टी सीएम अरुण साव द्वारा कांग्रेस को सनातन विरोधी बताए जाने पर बघेल ने तंज कसा कि उन्होंने सनातन धर्म का ठेका कब और कैसे लिया गया? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार धार्मिक आयोजनों को संरक्षण देकर आस्था को राजनीतिक हथियार बना रही है। बघेल ने एक प्रतीकात्मक कहानी सुनाते हुए कहा कि जंगल में बंदर को राजा बना दिया गया,जो संकट के वक्त बस इधर-उधर कूदता रहा। उनका इशारा डिप्टी सीएम की कार्यशैली पर था। साथ ही बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें मंत्री नहीं बनाया गया, इसलिए अब वे घर बैठ गए हैं और संतरी की भूमिका में हैं।
लिंगियाडीह के आंदोलन में हुए शामिल
बिलासपुर पहुंचे बघेल लिंगियाडीह में मकान तोड़ने के विरोध में चल रहे आंदोलन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि 38 दिनों से धरना-प्रदर्शन जारी है, फिर भी सरकार गरीबों पर तुगलकी फैसले थोप रही है। उन्होंने सवाल किया कि 80 फीट सड़क बनने के बाद भी तोड़फोड़ क्यों की जा रही है? पूर्व मंत्री बी.आर. यादव के समय दिए गए पट्टों की अनदेखी कर गरीबों को उजाड़ा जा रहा है
बघेल ने दो टूक कहा कि कांग्रेस गरीब-विरोधी फैसलों के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और बस्तियों को उजड़ने नहीं देगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur