Breaking News

अम्बिकापुर@कांग्रेस पार्टी के 140वें स्थापना दिवस पर परिचर्चा आयोजित

Share

अम्बिकापुर,28 दिसम्बर 2025 (घटती-घटना)। कांग्रेस पार्टी के 140वें स्थापना दिवस पर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने आज राजीव भवन में पार्टी का ध्वजारोहण किया और एक परिचर्चा आयोजित की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री सुरेन्द्र गुप्ता ने पार्टी का ध्वज फहराया। कार्यक्रम की शुरुआत में श्री गुप्ता और श्री विमलेश सिंह को शाल-श्रीफल देकर सम्मानित किया गया। परिचर्चा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के इतिहास और महात्मा गांधी द्वारा दिए गए सत्याग्रह की शक्ति के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि आज देश की सरकार गरीब,किसान,नौजवान, महिला, दलित, आदिवासी और छोटे व्यापारी सभी को वही प्रताडऩा दे रही है,जैसी अंग्रेजों ने दी थी। ऐसे में देश को बचाने के लिए कांग्रेस को गांधीजी के सत्याग्रह के अस्त्र को पुनः अपनाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान सुरेन्द्र गुप्ता ने कार्यकर्ताओं का हौंसला बढ़ाते हुए कहा कि परिस्थितियां विपरीत हो सकती हैं,लेकिन कांग्रेस ऐसे समय में ही निखरती है और देश को बचाने में सफल होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट संघर्ष पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की। वरिष्ठ कांग्रेस नेता विमलेश सिंह ने कांग्रेस की विचारधारा को स्थायी बताया और कहा कि कोई भी फासीवादी विचारधारा इसे मिटा नहीं सकती। उन्होंने अपने नेतृत्व और युवा कार्यकर्ताओं के जोश पर विश्वास जताया, जो देश को पुनः एकजुट करने में सक्षम हैं। पूर्व केबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि आज देश में फासीवादी ताकतें वही परिस्थितियां उत्पन्न कर रही हैं,जो अंग्रेजों ने बनाई थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस आड़ में देश के मूल निवासियों के जल,जंगल, जमीन को लूटा जा रहा है और उनकी संपत्तियां पूंजीपतियों को सौंप दी जा रही हैं। कांग्रेस अपने संघर्ष के माध्यम से इस भ्रष्टाचार और शोषण को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि कांग्रेस ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान सभी विचारधाराओं को एकजुट किया था,जबकि अब भाजपा देश में विभाजन की नीति अपना रही है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह महिला अपराधों में संलिप्त अपने नेताओं को बचा रही है और देश के संसाधनों को अपने व्यापारी मित्रों को लूटने दे रही है। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा शोषण के खिलाफ और मानवता के उत्थान के लिए कार्य करती रही है। आज जब चुनाव जीतने के लिए विभाजन की नीति अपनाई जा रही है, कांग्रेस फिर से एकजुट होकर इसका मुकाबला करने के लिए तैयार है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने पार्टी के युवा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस देश की ऐतिहासिक धरोहर है,और हमें गर्व है कि हम इसके विचारधारा से जुडकर कार्य कर रहे हैं। इस विचारधारा के द्वारा ही देश की बहुलता को एकजुट रखा जा सकता है। परिचर्चा को ए.पी. सांडिल्य, लक्ष्मी गुप्ता और आतिश शुक्ला ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष लोकेश कुमार ने किया।


Share

Check Also

बलरामपुर @एनएच-343 पर परिवहन व यातायात विभाग की संयुक्त कार्रवाई

Share बिना परमिट चल रही स्कूल बस जब्त,10 हजार रुपये का चालानबलरामपुर ,22 अप्रैल 2026 …

Leave a Reply